ICC ODI Ranking Update: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही ODI सीरीज के बीच ICC ने नई रैंकिंग जारी कर दी है। इस रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर शीर्ष स्थान की ओर तेजी से बढ़ते दिखे। रांची में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले ODI में कोहली ने 120 गेंदों में शानदार 135 रन की शतकीय पारी खेली, जिससे उनकी रैंकिंग में बड़ी छलांग आई है।
ताजा रैंकिंग के अनुसार, कोहली अब ODI बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर हैं। उनकी रेटिंग 751 अंक तक बढ़ गई है और वे शीर्ष पर मौजूद रोहित शर्मा से केवल 32 अंक पीछे हैं। इससे कोहली के फिर से दुनिया के नंबर-1 ODI बल्लेबाज बनने की उम्मीद और मजबूत हो गई है।
वहीं, दूसरे और तीसरे पायदान पर न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल और अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान का कब्जा है। भारत के अन्य बल्लेबाज शुभमन गिल को एक स्थान का नुकसान हुआ है और अब वह पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं। छठे से दसवें नंबर तक कोई बदलाव नहीं हुआ है।
गेंदबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन दमदार रहा। चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव एक पायदान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनकी लगातार शानदार गेंदबाजी टीम को मजबूती प्रदान कर रही है। न्यूजीलैंड के मिचेल सैंटनर को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वे अब सातवें नंबर पर हैं। राशिद खान नंबर-1 ODI गेंदबाज बने हुए हैं, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर जोफ्रा आर्चर और केशव महाराज हैं।
इस रैंकिंग अपडेट ने साबित कर दिया है कि विराट कोहली और कुलदीप यादव की वापसी भारतीय क्रिकेट टीम के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकती है, खासकर इस महत्वपूर्ण ODI सीरीज में।
