देश में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बढ़ती मांग और शानदार बिक्री के बीच गुजरात की देसी ईवी कंपनी एवोर ने भारतीय टू-व्हीलर मार्केट में अपनी नई ‘एवोर एक्स’ इलेक्ट्रिक बाइक सीरीज को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। यह नई मोटरसाइकिल लंबी रेंज, पावरफुल परफॉर्मेंस और किफायती दाम के साथ बाजार में आई है। सिंगल चार्ज में 260 किलोमीटर तक चलने का दावा करने वाली यह बाइक दैनिक उपयोग करने वाले लोगों के लिए एक बेहद किफायती विकल्प साबित हो सकती है।
शुरुआती कीमत ₹1.25 लाख
कंपनी ने अपनी इस नई सीरीज को तीन अलग-अलग वेरिएंट्स एक्स 1, एक्स 2 और टॉप वेरिएंट एक्स 2S में पेश किया है। किफायती दाम में बेहतरीन फीचर्स देना ही इस बाइक की मुख्य पहचान माना जा रहा है। कंपनी ने एवोर एक्स 1 (बेस वेरिएंट) की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.25 लाख रुपये रखी है, हालांकि यह स्पेशल इंट्रोडक्टरी प्राइस केवल शुरुआती 10,000 ग्राहकों के लिए ही मान्य होगा और इसके बाद इसकी कीमत बढ़कर 1.35 लाख रुपये हो जाएगी। वहीं इसके मिड वेरिएंट EX2 की कीमत 1.49 लाख रुपये और टॉप-एंड EX2S वेरिएंट की कीमत 1.69 लाख रुपये तय की गई है। ग्राहक इसे मात्र 799 रुपये के टोकन अमाउंट के साथ ऑनलाइन प्री-बुक कर सकते हैं।

एक बार चार्ज करने पर 260 किमी तक की रेंज
बैटरी और रेंज के मामले में यह बाइक अपने सेगमेंट में काफी आगे दिखाई दे रही है। इसके एवोर एक्स 1 वेरिएंट में 3.24 kWh क्षमता का बैटरी पैक दिया गया है, जो फुल चार्ज में 160 किलोमीटर की रेंज देता है। इसके मिड वेरिएंट एक्स 2 और टॉप वेरिएंट एक्स 2S में 5 kWh का बड़ा बैटरी पैक लगाया गया है, जिसमें इसका टॉप वेरिएंट 260 किलोमीटर तक की सर्टिफाइड राइडिंग रेंज प्रदान करता है। चार्जिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए इसमें इन-बिल्ट चार्जर जोड़ा गया है, जिससे गाड़ी 20 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक केवल 2 घंटे में फुल चार्ज हो जाती है।

स्पीड और परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस की बात करें तो यह बाइक रफ्तार के मामले में भी काफी मजबूत है। इसके बेस और मिड वेरिएंट्स में 10.5 kW की मोटर दी गई है जो 10 bhp की पावर जनरेट करती है। यह मॉडल 0 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने में सिर्फ 3.2 सेकंड का समय लेता है और इसकी टॉप स्पीड 100 किमी/घंटा है। वहीं दूसरी तरफ इसका टॉप वेरिएंट एक्स 2S ज्यादा पावरफुल 14 बीएचपी मोटर के साथ आता है, जो महज 2.8 सेकंड में 0 से 40 की स्पीड पकड़ लेता है और 114 किमी/घंटा की मैक्सिमम स्पीड तक पहुंच सकता है। इसके अलावा राइडर को अपनी जरूरत के हिसाब से 6 अलग-अलग राइडिंग मोड्स भी दिए गए हैं।

मिलेंगे कई स्मार्ट फीचर्स
तकनीक और फीचर्स के मामले में बाइक के फ्रंट में 7-इंच का डिजिटल टीएफटी डिस्प्ले दिया गया है, जो एआई इंटीग्रेशन के साथ काम करता है। इसमें 4G सिम, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, वाई-फाई और जीपीएस नेविगेशन सपोर्ट मौजूद है। इसके साथ ही सुरक्षा और राइडिंग कम्फर्ट के लिए जियो-फेंसिंग, क्रैश अलर्ट, क्रूज कंट्रोल, हिल-होल्ड असिस्ट, सिग्नेचर एलईडी हेडलाइट्स और सीबीएस के साथ दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक मिलते हैं। कंपनी ग्राहकों को इसकी बैटरी पर 5 साल की लंबी वारंटी भी दे रही है।
इन बाइक्स को देगी टक्कर
भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एवोर एक्स सीरीज की एंट्री से रिवॉल्ट RV400, ओबेन रोर, ओला रोडस्टर और एथर जैसी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक बाइक्स को सीधी चुनौती मिलेगी। कम कीमत में 260 किमी की लंबी रेंज, 114 किमी/घंटा की टॉप स्पीड और 2 घंटे में फास्ट चार्जिंग का कॉम्बिनेशन इसे बाजार में अन्य प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले एक मजबूत विकल्प बनाता है।
