नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और आसपास के NCR इलाकों में इस वक्त तेज बारिश हो रही है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई है। स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है।
दिल्ली से लेकर नोएडा और गाजियाबाद तक तेज बारिश
दिल्ली-NCR में कई दिनों के इंतजार के बाद आज झमाझम बारिश हो रही है। नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में सुबह के बाद से तेज बारिश दर्ज की जा रही है। दिल्ली के सदर बाजार, पार्लियामेंट और मंडी हाउस समेत कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है।
मौसम की इस मार से सदर बाजार इलाके में भारी जलजमाव देखने को मिल रहा है, जहां थोड़ी सी बारिश में ही सड़कें दरिया बन गई हैं। जहां एक तरफ बारिश से राहत मिली है, वहीं जल जमाव की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग का रेड अलर्ट और चेतावनी
मौसम विभाग ने शहर के लिए अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अनुमान लगाया है कि राजधानी में आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश के साथ-साथ आंधी और तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को इस दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है। इससे पहले मंगलवार को भी राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई थी।
सुबह तक दर्ज किए गए बारिश के आंकड़े
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सफदरजंग में सुबह 8:30 बजे तक कुल 32.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा:
- रिज: 37.6 मिमी
- लोदी रोड: 36.7 मिमी
- आयानगर: 4.0 मिमी
- पालम: 0.8 मिमी
वहीं सोमवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच, रिज में 19.4 मिमी, लोदी रोड में 11.5 मिमी, सफदरजंग में 8.0 मिमी और आयानगर में 3.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जबकि पालम में कोई बारिश नहीं हुई थी। बारिश के चलते सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है।
