Suvendu Adhikari Oath Ceremony: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है और आज सुबह 10 बजे शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। इस बीच उनके मुख्यमंत्री चुने जाने पर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
एआईएमआईएम के उत्तर प्रदेश प्रवक्ता शादाब चौहान ने शुभेंदु अधिकारी के चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन बीजेपी ने ऐसे नेता को चुना है, जिन पर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बयान देने के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे व्यक्ति को राज्य की कमान सौंपी जा रही है।
शादाब चौहान ने कहा कि बीजेपी के पास और भी कई चेहरे थे, जिन्हें मुख्यमंत्री बनाया जा सकता था। उन्होंने उम्मीद जताई कि शुभेंदु अधिकारी संविधान की शपथ लेने के बाद उसके अनुरूप कार्य करेंगे और किसी भी नागरिक के साथ भेदभाव नहीं करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि नई सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखेगी, अदालतों को स्वतंत्र रूप से काम करने देगी और बुलडोजर राजनीति से दूरी बनाए रखेगी।
दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। शुक्रवार को आयोजित विधायक दल की बैठक में सभी निर्वाचित विधायकों ने सर्वसम्मति से शुभेंदु अधिकारी को अपना नेता चुना। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आधिकारिक तौर पर उनके नाम की घोषणा की।
शुभेंदु अधिकारी आज कोलकाता के परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह को भव्य रूप दिया गया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, एनडीए के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
शुभेंदु अधिकारी पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराने के बाद उन्होंने कहा था कि उन्हें सभी हिंदुओं का समर्थन मिला, जबकि ममता बनर्जी को मुस्लिम वोट मिले। उनके इस बयान को लेकर विपक्ष ने तीखी आलोचना की थी। अब मुख्यमंत्री बनने के बाद सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि वे राज्य को किस दिशा में लेकर जाते हैं।
