Shahzad Poonawalla Resigns: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से दिया इस्तीफा

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी छोड़ने का फैसला कर लिया है। उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन को पत्र भेजकर राष्ट्रीय प्रवक्ता का पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने की जानकारी दी है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष से अपना इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध भी किया है।

शहजाद पूनावाला ने छोड़ी बीजेपी
शहजाद पूनावाला ने छोड़ी बीजेपी

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को एक आधिकारिक पत्र लिखकर अपने निर्णय की जानकारी दी और उनका त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया। पूनावाला के पार्टी छोड़ने की अटकलें काफी समय से लगाई जा रही थीं, जिस पर अब आधिकारिक मुहर लग गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहे हैं, लेकिन विचार और व्यक्ति से अलग नहीं हो रहे हैं।

सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपना त्यागपत्र साझा करते हुए पूनावाला ने बताया कि उन्होंने 30 जुलाई 2026 को ही आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण बिना शर्त अपने सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि, उस समय पार्टी नेतृत्व ने उनसे इस फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करते हुए तुरंत इस्तीफा स्वीकार करने से इनकार कर दिया था।

दीर्घ विचार-विमर्श और हाल के दिनों की कुछ घटनाओं के बाद उन्होंने अपने फैसले पर कायम रहने का अंतिम निर्णय लिया। उन्होंने अपने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष सहित वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। पिछले पांच वर्षों में पार्टी द्वारा दिए गए मंच और अवसरों के लिए उन्होंने केवल कृतज्ञता, प्रेम और सम्मान प्रकट किया।

अपने भविष्य के कदम के बारे में बताते हुए शहजाद पूनावाला ने कहा कि अपनी अनिवार्य आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण अब वे निजी क्षेत्र (प्राइवेट सेक्टर) में प्रवेश करेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि व्यवस्था से बाहर रहने के बावजूद वे जिस भी रूप में संभव होगा, प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी के दृष्टिकोण और कार्यों का समर्थन जारी रखेंगे।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale