Satara Doctor Suicide Case: महाराष्ट्र के सातारा जिले में महिला डॉक्टर संपदा मुंडे की आत्महत्या मामले में पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर गोपाल बादाने को शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया। बादाने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर हुआ और उसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। अब इस मामले में दोनों आरोपी – पुलिसकर्मी गोपाल बादाने और सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बंकर – पुलिस के कब्जे में हैं।
डॉक्टर ने अपने हाथ पर लिखे सुसाइड नोट में आरोप लगाए थे कि उन्हें मानसिक उत्पीड़न और बलात्कार का सामना करना पड़ा। जांच में सामने आया कि बादाने ने पिछले पांच महीने में चार बार डॉक्टर का बलात्कार किया और फर्जी फिटनेस सर्टिफिकेट बनाने का दबाव भी डाला। वहीं, प्रशांत बंकर पर मानसिक उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। उसे अदालत में पेश करके चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।
सातारा एसपी तुषार दोसि ने बताया कि बादाने फलटण थाने में खुद सरेंडर हुआ। डॉक्टर का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बीड़ के वड़वानी तहसील में शुक्रवार रात किया गया। डॉक्टर ने आत्महत्या से पहले अपने परिवार को फोन पर भी धमकियों की जानकारी दी थी।
इस मामले का महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है और सतारा पुलिस को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पुलिस अब दोनों आरोपी को गिरफ्तार करने और पूरी जांच करने में जुटी है।
