बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के उम्मीदवार नीरज कुमार ने एक बार फिर शानदार जीत दर्ज की है। इस चुनाव में सीधा मुकाबला एक बार फिर बाहुबली अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच खासा चर्चा में रहा। नीरज कुमार की जीत तय होते ही उनका एक वीडियो बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने अनंत सिंह द्वारा अपनी जीत की उम्मीद में बनवाई गई मिठाइयों पर तीखा तंज कसा।
‘कहां हईं रे गुंजन, ले जो मिठइया’ वाला बयान वायरल
नीरज कुमार अपनी गाड़ी में बैठे-बैठे मगही बोली में अपने अनोखे अंदाज में कहते नजर आए कि कहां हईं रे गुंजन, ले जो मिठइया। इस लाइन का सीधा मतलब है कि कहां हो गुंजन, आकर मिठाई ले जाओ। दरअसल, इस बयान के जरिए उन्होंने न केवल अनंत सिंह पर निशाना साधा बल्कि उनके समर्थक और चर्चित गायक गुंजन सिंह पर भी तंज कसा। गुंजन सिंह ने चुनाव के दौरान अनंत सिंह का जोरदार समर्थन किया था और सरकारी आवास खाली करने का नोटिस मिलने के बाद भी उनसे मिलने पहुंचे थे।
नीरज कुमार ने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्यार, सम्मान और जनबल के आगे धनबल व बाहुबल पूरी तरह झुक गया है। उन्होंने अपने विरोधियों को चुनौती देते हुए कहा कि कोई उनके चरित्र और संस्कार पर सवाल उठाकर दिखाए। चुनाव के दौरान लगातार बयानबाजी करने वाले विरोधियों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग जमानत जब्त होने की बातें कर रहे थे, अब उन्हें जवाब देना चाहिए।
“कहां ही रे गुंजन, ले जो मिठइया !” नीरज ने अनंत सिंह को धो डाला! #NeerajKumar #AnantSingh #BiharPolitics #BiharNews #PoliticalWar @grok niraj kumar kisko chidha rahe hain.. https://t.co/wc5wkQ9nfj
— chandan kumar (@Iamckyadav) October 28, 2026
अनंत सिंह के आवास पर सन्नाटा, हार पर दी प्रतिक्रिया
नीरज कुमार की जीत तय होते ही अनंत सिंह के आवास पर सन्नाटा पसर गया, जबकि इससे पहले वहां देर रात तक जश्न का माहौल था। अनंत सिंह के समर्थित उम्मीदवार अनुज सिंह को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, अनंत सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इस हार का कोई मलाल नहीं है क्योंकि वोट कोई दुकान से खरीदने की चीज नहीं होती और जनता ही असली मालिक है।
अनंत सिंह ने अपनी बात रखते हुए कहा कि पटना स्नातक सीट का चुनाव सामान्य जनता का चुनाव नहीं होता, बल्कि इसमें केवल पंजीकृत स्नातक मतदाता ही वोट करते हैं। नीरज कुमार जैसे उम्मीदवार काफी लंबे समय से अपनी वोटर लिस्ट तैयार कर रहे थे, जबकि उनके उम्मीदवार को क्षेत्र में लोग ठीक से जानते भी नहीं थे।
आवास खाली करने और भविष्य की रणनीति पर बोले अनंत सिंह
मतगणना के दौरान भी जीत का दावा करने वाले अनंत सिंह ने सरकारी आवास खाली करने के नोटिस पर कहा कि उन्हें पार्टी का हर फैसला मंजूर है। उन्होंने बताया कि घर खाली करने के लिए एक महीने का समय मिला है और वह निर्धारित समय में घर खाली कर देंगे। वहीं, कोई नई राजनीतिक पार्टी बनाने के सवाल पर उन्होंने फिलहाल कुछ भी खुलकर बोलने से इनकार कर दिया।
