वाराणसी: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन के अवसर पर देश भर में तमाम तरह के रंग-बिरंगे और अनोखे आयोजन देखने को मिल रहे हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (बनारस) से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जश्न मनाने का एक बेहद ही अनूठा और चर्चाओं से भरा वीडियो सामने आया है। यहां यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के जन्मदिन को बेहद खास अंदाज में मनाते हुए उनके एक बड़े पोस्टर का बकायदा दुग्धाभिषेक किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो बनारस के एक प्रसिद्ध घाट का बताया जा रहा है। इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता हिंदू रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राहुल गांधी के एक बड़े पोस्टर पर गंगाजल और दूध की धाराएं चढ़ा रहे हैं। इस पूरे कार्यक्रम में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात वह पोस्टर था, जिस पर दुग्धाभिषेक किया जा रहा था।
इस पोस्टर में राहुल गांधी को हिंदू धर्म के पूजनीय भगवान परशुराम के रूप में चित्रित किया गया है, जिसमें उनके एक हाथ में भगवान परशुराम का प्रतीक ‘फरसा’ दिखाई दे रहा है और दूसरे हाथ में भारत के ‘संविधान’ की किताब नजर आ रही है। इस अनोखे और प्रतीकात्मक पोस्टर के जरिए बनारस के युवा कांग्रेस कार्यकर्ता समाज और राजनीति में एक नया संदेश देने का प्रयास कर रहे हैं।
राहुल गांधी के इस 56वें जन्मदिन के मौके पर देश के कोने-कोने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कहीं केक काटकर, तो कहीं गरीबों में फल और मिठाई बांटकर खुशियां मनाई जा रही हैं। इस विशेष दिन पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ राजनेताओं ने राहुल गांधी को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से बधाई संदेश भेजे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं, मैं ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।
