नई दिल्ली: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने आज (4 जुलाई, 2025) राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित एक समारोह में डूरंड कप टूर्नामेंट 2025 की ट्रॉफियों का अनावरण किया और उन्हें विधिवत रूप से टूर्नामेंट के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर अपने संक्षिप्त संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि खेल अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि खेलों में लोगों, क्षेत्रों और देशों को जोड़ने की अनूठी क्षमता होती है, और भारत में यह राष्ट्रीय एकीकरण का एक शक्तिशाली साधन रहा है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक या किसी भी अंतरराष्ट्रीय आयोजन में जब तिरंगा फहराया जाता है तो सभी साथी नागरिक रोमांचित हो उठते हैं।
President Droupadi Murmu unveiled and flagged off the Trophies of the Durand Cup Tournament 2025 at a function held at Rashtrapati Bhavan. The President said that events like the Durand Cup not only foster the spirit of the game but also help develop the next generation of… pic.twitter.com/1S0qdsZvne
— President of India (@rashtrapatibhvn) July 4, 2025
राष्ट्रपति ने फुटबॉल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस खेल का लाखों लोगों के हृदय में एक विशेष स्थान है, यह सिर्फ़ एक खेल नहीं बल्कि एक जुनून है। उन्होंने बताया कि फुटबॉल का खेल रणनीति, धैर्य और एक साझा लक्ष्य की ओर मिलकर कार्य करने से जुड़ा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डूरंड कप जैसे आयोजन न केवल खेल की भावना को बढ़ावा देते हैं बल्कि फुटबॉल खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को विकसित करने में भी सहायता करते हैं, जिससे उन्हें आगे बढ़ने का एक मंच मिलता है। उन्होंने डूरंड कप की भावना को संजोए रखने और बढ़ावा देने में सशस्त्र बलों की भूमिका की सराहना भी की।
