पीएम मोदी के 25 साल पूरे, ‘We Will Do It’ के नारे संग दोहराया 2047 का संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार 25 साल पूरे होने के मौके पर विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया। विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल पूरे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल पूरे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार 25 साल पूरे होने के मौके पर देश के सामने बड़ा संकल्प दोहराया है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को पूरा करना है। इसी भरोसे के साथ पीएम मोदी ने “हम करके रहेंगे… We Will Do It” के नारे लगाए और आने वाले वर्षों में देश के बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का पूरा भरोसा जताया, जिसे उनके साथ लोगों ने भी दोहराया।

विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी, तब उन्होंने नहीं सोचा था कि एक दिन सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार 25 साल पूरे करने का यह पड़ाव भी आएगा। उन्होंने इस उपलब्धि को जनता के लगातार आशीर्वाद का नतीजा बताया और देशवासियों के प्रति अपना आभार जताया।

अपने 25 साल के सफर को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनके जीवन में कोई घटना व्यर्थ नहीं गई। जिसने उन्हें जिताया, उसने विनम्र होना सिखाया, जबकि जिसने गिराया उसने फिर खड़ा होना सिखाया। उन्होंने बताया कि शुभचिंतकों ने उन्हें प्रोत्साहित किया और आलोचकों ने अपने भीतर झांकने का मौका दिया। उनके मुताबिक हर संकट उनके धैर्य की परीक्षा रहा और हर सफलता ने उनकी जिम्मेदारी बढ़ाई, जबकि हर उपलब्धि ने बड़े लक्ष्यों की तरफ बढ़ने का साहस और जज्बा दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में कई विधानसभा और लोकसभा चुनाव हुए और जनता ने लगातार उन्हें सेवा का मौका दिया। इसके लिए उन्होंने भाजपा, NDA, सभी मंत्रियों और लोकतंत्र में आस्था रखने वाले राजनीतिक साथियों का आभार जताया। पीएम ने भारत के लोकतंत्र और संविधान का वंदन किया तथा सेवा ज्योति यात्रा में शामिल हुए सभी लोगों का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह लंबी यात्रा जनता के विश्वास और आशीर्वाद से संभव हुई है।

संबोधन में पीएम मोदी ने बताया कि वह सुबह दिल्ली के श्री विनायक मंदिर गए थे, जहां उन्होंने देश और 140 करोड़ भारतवासियों के लिए प्रार्थना की। उन्होंने अपने लिए भी यही मांगा कि उन्हें इतनी शक्ति और सामर्थ्य मिले कि वह देश के लिए और ज्यादा ऊर्जा के साथ काम कर सकें और दिन-रात लोगों की सेवा करते रहें। पीएम मोदी ने कहा कि 25 साल का सफर उनके लिए संतोष और कृतज्ञता का मौका है, लेकिन अब नजर आगे के बड़े लक्ष्यों पर है और संदेश साफ है कि भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए “We Will Do It” के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale