फ्लाईदुबई फ्लाइट हादसा टला: कैप्टन स्मित मछार ने दिखाई अदम्य बहादुरी, पीएम मोदी बोले- ‘टली 9/11 जैसी बड़ी त्रासदी’

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई गंभीर घटना के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मछार की भूमिका की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सराहना की है। रिपोर्टों के अनुसार, उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हिंसक घटना हुई, जिसमें कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हुए।

पीएम मोदी ने की भारतीय कैप्टन स्मित मछार की तारीफ
पीएम मोदी ने की भारतीय कैप्टन स्मित मछार की तारीफ

नई दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई घटना के दौरान कैप्टन स्मित ने जिस तरह मुश्किल हालात में धैर्य और साहस का परिचय दिया, उसकी अब व्यापक रूप से सराहना हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यूपीएससी के 100 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछली घटना के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित ने असाधारण धैर्य, सूझ-बूझ और साहस दिखाया। प्रधानमंत्री ने कहा, “कल हुई घटना में भारत के कैप्टन स्मित ने अद्भुत धैर्य, सूझ-बूझ और साहस का परिचय दिया। सचमुच, जैसा कि आज इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा कि एक भारतीय ने 9/11 जैसी त्रासदी को होने से रोक दिया।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित के साहस को देश के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्मित के पिता भूपेंद्र, मां गीता और पत्नी सोनल से भी बातचीत की है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, कैप्टन स्मित का अभी इलाज चल रहा है। उन्होंने देशवासियों से उनके जल्द स्वस्थ होने और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करने की अपील की।

इससे पहले गुरुवार सुबह भी प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कैप्टन स्मित मछार को लेकर पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा कि कैप्टन स्मित मछार एक हीरो हैं और बेहद खतरनाक परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया।

प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि कैप्टन स्मित की बहादुरी की वजह से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। उन्होंने कैप्टन मछार पर गर्व जताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने और अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना की।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित की बहादुरी की सराहना की है। नेतन्याहू के मुताबिक, हमले का सामना करने वाले पायलट कैप्टन स्मित मछार ने घायल होने के बावजूद जवाबी कार्रवाई की और 9/11 जैसी बड़ी तबाही को टालने में भूमिका निभाई। एक्स पर एक पोस्ट में नेतन्याहू ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए सलाम भी किया।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale