जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के यूसमर्ग स्थित गुरुवटकलन और कोराग इलाके में देर रात हुई एक मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक खूंखार आतंकवादी को मार गिराया। सूत्रों के अनुसार, मारे गए आतंकी की पहचान मूसा के रूप में हुई है, जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा पाकिस्तानी आतंकवादी था और पिछले कुछ समय से इस इलाके में सक्रिय था।
लश्कर के ‘हाई-वैल्यू टारगेट’ यासिर का साथी था मूसा
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मारा गया आतंकी मूसा लश्कर के प्रमुख आतंकवादी यासिर का करीबी साथी था। यासिर को इसी महीने 4 सितंबर को यूसमर्ग के पास ही पहाड़ों पर 13 दिनों तक चले एक लंबे और कठिन ऑपरेशन के बाद मार गिराया गया था। सुरक्षा रिकॉर्ड्स के अनुसार यासिर एक ‘हाई-वैल्यू टारगेट’ था, जो पुंछ में भारतीय वायुसेना के काफिले पर हमले के साथ-साथ सोनमर्ग, बोटा पाथरी और भट्टा डुरियन में हुए कई बड़े आतंकी हमलों में शामिल रहा था। यासिर के मारे जाने के बाद से ही सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर थे और पीर पंजाल के घने जंगलों में उसके बाकी साथियों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे थे।
संयुक्त तलाशी अभियान और सुरक्षाबलों की कार्रवाई
जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम को इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की पुख्ता और सटीक खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद यूसमर्ग के कोराग इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान (CASO) शुरू किया गया। जैसे ही सुरक्षाबल संदिग्ध स्थान के करीब पहुँचे, वहाँ छिपे हुए आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने जानकारी दी कि सतर्क जवानों द्वारा चुनौती दिए जाने पर आतंकियों ने भारी गोलीबारी की, जिसके जवाब में चलाए गए इस ऑपरेशन में एक आतंकी को ढेर कर दिया गया। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।
OP KORAG, Yousmarg Based on specific intelligence input, a Joint Search Operation was launched by #IndianArmy, @JmuKmrPolice and @crpf_srinagar in general area Korag, Yousmarg. Vigilant troops observed suspicious activity and upon being challenged, terrorists opened fire, prompting a fierce exchange of gunfire during which One terrorist neutralised. Operation is in progress. #Kashmir @adgpi @NorthernComd_IA @PRODefSrinagar
— Chinar Corps🍁 – Indian Army (@ChinarcorpsIA) September 29, 2026
