दुबई से इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में अचानक ऐसी स्थिति पैदा हो गई कि कुछ देर के लिए यात्रियों की जान पर बन आई। फ्लाइट FZ1073 ने उड़ान के दौरान पहले इमरजेंसी स्क्वाक कोड 7700 भेजा और इसके कुछ समय बाद 7500 कोड सक्रिय हो गया। विमानन में 7500 कोड का इस्तेमाल हाईजैकिंग या किसी तरह के गैरकानूनी हस्तक्षेप की स्थिति बताने के लिए किया जाता है। इसके बाद इजरायल में सुरक्षा एजेंसियों के बीच हलचल बढ़ गई और विमान को लेकर गंभीर आशंका पैदा हो गई।
इजरायली मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, विमान में करीब 180 इजरायली यात्री सवार थे। स्थिति को देखते हुए इजरायल की ओर से लड़ाकू विमान भी भेजे गए। इसी बीच फ्लाइट की ऊंचाई में तेजी से गिरावट दर्ज की गई और विमान को अपने निर्धारित रास्ते से हटाकर सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया गया। बाद में विमान ने सऊदी अरब के तबुक स्थित एक सिविल-मिलिट्री बेस पर इमरजेंसी लैंडिंग की। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद घटना की वजह को लेकर सामने आई जानकारी ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच झड़प हुई थी। भारतीय पायलट की पहचान स्मित मच्छार के रूप में बताई गई है, जबकि उनके साथ मौजूद को-पायलट ओमान का नागरिक था। इजरायली अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया गया कि को-पायलट विमान को क्रैश करने की कोशिश कर रहा था। भारतीय पायलट ने कथित तौर पर उसे रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
इसी संघर्ष के दौरान को-पायलट ने भारतीय कैप्टन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। झड़प के बीच विमान का नियंत्रण भी प्रभावित हुआ। इसी वजह से फ्लाइट से पहले इमरजेंसी और फिर हाईजैकिंग का संकेत मिलने की बात सामने आई। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी।
कॉकपिट में हुई इस घटना के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों के बीच भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों ने कॉकपिट तक पहुंचने की कोशिश की। विमान में यात्रा कर रहे कुछ अन्य पायलट भी मौजूद थे, जो अपनी बिजनेस ट्रिप पर जा रहे थे। उन्होंने कॉकपिट तक पहुंचकर स्थिति को संभालने और विमान का नियंत्रण सुरक्षित करने में मदद की।
इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया। इस घटना में दोनों पायलटों के घायल होने की जानकारी सामने आई है और उनका इलाज चल रहा है। भारतीय पायलट स्मित मच्छार के साहस और मुश्किल परिस्थिति में विमान को सुरक्षित रखने की कोशिश की सराहना की जा रही है।
फिलहाल यह साफ नहीं है कि कॉकपिट में हुई यह झड़प आखिर किस वजह से शुरू हुई और इसके पीछे कोई साजिश थी या नहीं। घटना की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
