Navneet Rana vs Owaisi: मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव के प्रचार के दौरान नेताओं के बीच कड़वाहट काफी बढ़ गई है। अब यह मुकाबला विकास के मुद्दों से हटकर धर्म और आबादी जैसे विवादों पर आकर टिक गया है। इस समय बीजेपी नेता नवनीत राणा और AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के बीच तीखी जुबानी जंग छिड़ी हुई है, जिसमें अब पाकिस्तान और नागरिकता जैसे शब्दों का इस्तेमाल होने लगा है।
इस पूरे विवाद की शुरुआत नवनीत राणा के एक बयान से हुई थी, जिसमें उन्होंने हिंदुओं से अपील की थी कि वे कम से कम चार-चार बच्चे पैदा करें। उन्होंने तर्क दिया था कि अगर देश को बचाना है तो यह जरूरी है। इस पर पलटवार करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने महाराष्ट्र के अमरावती में एक सभा के दौरान कह दिया कि “आप चार नहीं बल्कि आठ बच्चे पैदा करो, हमें क्या?”
ओवैसी के इसी जवाब पर नवनीत राणा बुरी तरह भड़क गईं। उन्होंने ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्हें इस देश में रहना है, तो संविधान का सम्मान करना होगा। राणा ने यहाँ तक कह दिया कि असदुद्दीन ओवैसी की भारतीय नागरिकता रद्द कर दी जानी चाहिए और उन्हें पाकिस्तान भेज देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ओवैसी पाकिस्तान जाकर 10 नहीं बल्कि 20 बच्चे पैदा करें।
नवनीत राणा ने ओवैसी की देशभक्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ओवैसी संसद के सदस्य हैं, फिर भी वे न तो ‘भारत माता की जय’ कहते हैं और न ही ‘वंदे मातरम’। राणा ने चुनाव आयोग से मांग की है कि ओवैसी की पार्टी AIMIM की मान्यता तुरंत रद्द कर दी जानी चाहिए। फिलहाल मुंबई के चुनाव में ‘आई लव महादेव’ और ‘आई लव मोहम्मद’ जैसे नारों के बीच यह सियासी लड़ाई काफी व्यक्तिगत और आक्रामक होती जा रही है।
