भोपाल: मध्यप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के लगभग आधे हिस्से में मौसम ने करवट ली है, लेकिन कई जिलों में अब भी उमस भरी गर्मी और तपिश ने लोगों को परेशान कर रखा है।
खजुराहो में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नौगांव में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी भोपाल में दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा।
बीते 24 घंटे में भोपाल, नर्मदापुरम, मालवा-निमाड़ और महाकौशल संभागों के 22 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली है।
हालांकि, बुंदेलखंड, विंध्य, ग्वालियर और चंबल अंचलों में अब भी भीषण गर्मी और लू का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर में एक सिस्टम के सक्रिय होने से आने वाले 4 से 5 दिनों में भोपाल सहित कई हिस्सों में प्री-मानसून की गतिविधियां सक्रिय रहेंगी और बारिश की संभावना बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में दिखा दुर्लभ यूरेशियन ऊदबिलाव, कैमरा में हुआ कैद
