खजुराहो: मध्य प्रदेश के खजुराहो में मई माह की गर्मी ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी और लू के कारण लोग सुबह 11 बजे के बाद घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, और सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है।
लोगों को गंभीर गर्मी से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरतनी पड़ रही है। जो लोग मजबूरी में घर से बाहर निकलते हैं, वे चेहरे को कपड़ों से ढक कर, पानी की बोतल साथ लेकर ही निकल रहे हैं। आमजन दिन के समय घर के अंदर रहने को मजबूर हैं और आवश्यक कार्य भी सुबह जल्दी निपटाने की कोशिश कर रहे हैं।
मौसम विभाग ने भी इस बढ़ती गर्मी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, हीटवेव (लू) का असर दिनभर रहेगा, जबकि शाम तक तेज हवा के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना भी जताई गई है।
