IAF Plane Crash: असम में भारतीय वायुसेना का एक फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दो पायलटों की मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार रात उस समय हुआ जब वायुसेना का Sukhoi Su-30MKI ट्रेनिंग मिशन पर उड़ान भर रहा था।
भारतीय वायुसेना के अनुसार, फाइटर जेट ने असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान के दौरान उसका संपर्क टूट गया। बाद में यह विमान कार्बी आंगलोंग जिला के एक इलाके में क्रैश हो गया। हादसे में वायुसेना के दोनों पायलटों की जान चली गई।
वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि इस दुर्घटना में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरगकर को गंभीर चोटें आईं, जिनकी वजह से उनका निधन हो गया। वायुसेना ने दोनों अधिकारियों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।
बताया गया कि यह फाइटर जेट 5 मार्च की शाम को उड़ान भरने के बाद लगभग शाम 7 बजकर 42 मिनट तक संपर्क में था। इसके बाद विमान का संपर्क अचानक टूट गया, जिसके बाद वायुसेना ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर रात विमान का मलबा कार्बी आंगलोंग क्षेत्र में मिला, जिससे पुष्टि हुई कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
Sukhoi Su-30MKI एक दो-सीटर मल्टीरोल फाइटर जेट है, जिसे रूस की कंपनी Sukhoi ने विकसित किया है और यह भारतीय वायुसेना के सबसे ताकतवर लड़ाकू विमानों में से एक माना जाता है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए वायुसेना ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
