मुजफ्फरपुर: बाबा बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने ‘हिंदू राष्ट्र’ के समर्थन में लोगों से आह्वान करते हुए कहा, “आप हमारा साथ दो हम आपको हिन्दू राष्ट्र देंगे।”
उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा, “हम तो चाइनीज चार्जर पर भरोसा नहीं करते यह पाकिस्तान वालों ने चाइना की मिसाइल पर भरोसा कर लिया।” ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान ने हमारी बहनों का सिंदूर छीना, तो हमारे वीर सैनिकों ने घर में घुसकर मारा। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से कहा, “अब बताओ जब हम हल्दी और मेहंदी की रस्म अदा करेंगे तब क्या होगा?”
जातिगत जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उन्हें इससे दिक्कत नहीं है, लेकिन वे चाहते हैं कि यह गिनती हो कि अमीर कितने हैं और गरीब कितने हैं। उन्होंने कहा, “गरीब का विकास होगा तो देश का विकास होगा।”
अपने संबोधन के अंत में, बाबा बागेश्वर ने एकता का संदेश देते हुए कहा, “कंधे से बढ़कर छाती नहीं होती और धर्म से बढ़कर जाति नहीं होती।”
