नई दिल्ली: दिल्ली के नॉर्थ वेस्ट जिले स्थित अशोक विहार के जेलर वाला बाग इलाके में सोमवार सुबह डीडीए (दिल्ली विकास प्राधिकरण) ने अवैध झुग्गियों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान के तहत 200 से अधिक झुग्गियों को हटाया गया, जिनका निर्माण डीडीए की जमीन पर अवैध रूप से किया गया था।
इससे पहले भी इस इलाके में इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है। जिन लोगों की झुग्गियां पहले गिराई गई थीं, उन्हें डीडीए द्वारा पक्के फ्लैटों का आवंटन भी किया गया था। हालांकि कुछ लोगों को अभी आवंटन नहीं मिला है और वे कोर्ट से स्टे ऑर्डर लेकर आए हैं, जिससे उनकी झुग्गियां इस बार की कार्रवाई से बच गईं।
डीडीए की टीम आज सुबह बिजली विभाग और जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध झुग्गियों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। किसी भी विरोध प्रदर्शन से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की भी तैनाती की गई है।
