नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में BRICS सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख हिस्सा लेंगे। बड़े स्तर के इस आयोजन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। 10 से 14 सितंबर तक दिल्ली के कई हिस्सों में वीआईपी मूवमेंट के कारण ट्रैफिक प्रभावित रहेगा, जबकि 11 सितंबर को सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में छुट्टी रहेगी।
सम्मेलन से पहले 10 सितंबर को चाणक्यपुरी स्थित द लीला होटल में आजतक का BRICS राउंडटेबल भी आयोजित किया जा रहा है। सुबह 10 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में दिनभर अलग-अलग सत्र होंगे। इनमें राजनयिकों, कारोबारी जगत के प्रतिनिधियों और सैन्य अधिकारियों समेत कई प्रमुख हस्तियां हिस्सा लेंगी।
12 सितंबर से शुरू होगा नेताओं का कार्यक्रम
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 12 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे BRICS देशों के नेताओं का भारत मंडपम पहुंचना शुरू होगा। लेवल-2 पर उनके स्वागत के साथ आधिकारिक फोटो शूट भी किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2:35 बजे बंद कमरे में नेताओं की बैठक होगी। इस सत्र में समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
दिन के आगे के कार्यक्रम में शाम 4:25 बजे भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी रखी गई है। इसके बाद 5:05 बजे बाहरी लॉन में समूह फोटो और 5:10 बजे संयुक्त पौधरोपण कार्यक्रम होगा। पहले दिन के कार्यक्रम का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित गाला डिनर के साथ होगा, जो शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
13 सितंबर को BRICS के साझेदार और आमंत्रित देशों के नेताओं के पहुंचने का सिलसिला सुबह 9:55 बजे से शुरू होगा। इसके बाद 10:35 बजे ग्रुप फोटो और 10:50 बजे सम्मेलन का ओपन सेशन आयोजित किया जाएगा।
🌍 BRICS SUMMIT 2026 | FOLLOW THE ADVISORY
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) September 8, 2026
11–13 September
📢 BEFORE YOU TRAVEL, READ & FOLLOW THE OFFICIAL TRAFFIC ADVISORY.
Traffic arrangements may change depending on movement and security requirements.
📱 Check official traffic updates
🛣️ Follow notified routes &… pic.twitter.com/5RWv998oDb
दिल्ली की 35 से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर असर
BRICS सम्मेलन के मद्देनजर 10 से 14 सितंबर तक राजधानी में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। वीआईपी आवाजाही को देखते हुए करीब 4,800 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इस दौरान 35 से अधिक प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
सरदार पटेल मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, मथुरा रोड, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंबा रोड और टॉल्सटॉय मार्ग जैसे प्रमुख रास्तों पर खास निगरानी रहेगी। इसके अलावा कनॉट प्लेस, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर सहित करीब 22 स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। मंगलवार शाम मोटरकेड की रिहर्सल के दौरान भी इन मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ था।
नोएडा और पूर्वी दिल्ली से आने वालों के लिए खास सलाह
ट्रैफिक प्रतिबंधों का असर खास तौर पर नोएडा और पूर्वी दिल्ली से प्रगति मैदान की ओर आने-जाने वाले लोगों पर पड़ सकता है। इसी तरह द्वारका और पश्चिमी दिल्ली से धौला कुआं, एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए कश्मीरी गेट ISBT, बुलेवार्ड रोड और पंचकुइयां रोड जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वहीं हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने के लिए एम्स, रिंग रोड और आश्रम चौक की तरफ से जाने वाले मार्ग सुझाए गए हैं।
एयरपोर्ट जाने वालों को मेट्रो इस्तेमाल करने की सलाह
दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सड़क मार्ग के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी, हालांकि बसों के कुछ रूट में बदलाव किया जा सकता है। सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति केवल निर्धारित स्थानों पर होगी। आपातकालीन और मेडिकल वाहनों की आवाजाही के लिए रास्ता उपलब्ध रखा जाएगा।
11 सितंबर को स्कूल बंद रहेंगे
वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी तथा मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में 11 सितंबर को छुट्टी रहेगी।
BRICS सम्मेलन को लेकर दिल्ली के अलावा नोएडा और गाजियाबाद पुलिस के बीच भी समन्वय बैठक हो चुकी है। सुरक्षा तैयारियों में ड्रोन के जरिए निगरानी, होटलों की जांच और दिल्ली-एनसीआर की सीमाओं पर चेकिंग जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई है।
ऐसे में 10 से 14 सितंबर के बीच दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को यात्रा की योजना बनाते समय ट्रैफिक बदलावों का ध्यान रखना होगा। खासकर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और मध्य दिल्ली की ओर जाने वालों के लिए घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी लेना उपयोगी रहेगा।
