कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी की प्रचंड जीत का दावा किया है। अमित शाह ने कहा कि पहले चरण के चुनाव के जो फीडबैक मिले हैं, उनसे यह स्पष्ट हो गया है कि बंगाल की जनता ने अपना फैसला सुना दिया है। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि “दीदी जाने वाली हैं और बीजेपी आने वाली है।”
अमित शाह ने दावा किया कि पहले चरण की कुल 152 सीटों में से बीजेपी 110 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। उनके अनुसार, मतदाताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास यात्रा के साथ जुड़ने का मन बना लिया है और इस प्रचंड बहुमत का अर्थ है कि दूसरे चरण के चुनाव के बाद राज्य में शुद्ध रूप से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल से अब ‘भय’ जाने वाला है और ‘भरोसा’ आने वाला है।
हिंसामुक्त चुनाव पर चुनाव आयोग को बधाई
गृह मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनाव आयोग, मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बहुत लंबे अंतराल के बाद बंगाल के चुनाव में ऐसी स्थिति देखने को मिली है जहाँ एक भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई। शाह ने पिछले वर्षों के आंकड़ों से तुलना करते हुए बताया कि जहाँ 2021 के विधानसभा चुनाव में 1681 और 2024 के आम चुनाव में 761 लोग घायल हुए थे, वहीं इस बार यह संख्या 30 से भी कम रही है। उन्होंने बढ़ते मतदान प्रतिशत को भाजपा की जीत और परिवर्तन का बड़ा संकेत बताया।
Addressing a Press Conference in Kolkata.
— Amit Shah (@AmitShah) April 24, 2026
কলকাতায় সংবাদ মাধ্যমকে সম্বোধন করছি।#BanglaBolcheBJPJitche https://t.co/QSlggQ5Zjs
बाहरी बनाम बंगाली का दिया जवाब
ममता बनर्जी द्वारा भाजपा को ‘बाहरी’ बताए जाने के आरोपों पर पलटवार करते हुए अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री इस बारे में केवल अफवाह फैला रही हैं। उन्होंने घोषणा की कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि बंगाल की धरती पर जन्मा, बंगाली माध्यम में पढ़ा-लिखा और बंगाली भाषी व्यक्ति ही होगा। शाह ने तंज कसते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री दीदी का भतीजा नहीं, बल्कि भाजपा का एक साधारण कार्यकर्ता होगा।
गृह मंत्री ने कहा कि टैगोर, सुभाष चंद्र बोस और खुदीराम बोस की इस पावन भूमि ने विकास का मार्ग चुन लिया है और पहले चरण के मतदान ने ही राज्य का भविष्य तय कर दिया है।
