स्मार्टफोन निर्माता कंपनी OnePlus भारत में अपने दो नए बजट-फ्रेंडली स्मार्टफोन, OnePlus Nord CE 6 और OnePlus Nord CE 6 Lite, 7 मई को लॉन्च करने के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी ने लॉन्च से पहले ही इनके प्रमुख फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स से पर्दा उठा दिया है। ये स्मार्टफोन नई तकनीक, बड़ी बैटरी और दमदार परफॉर्मेंस के साथ बाजार में उतारे जा रहे हैं।
OnePlus Nord CE 6 के फीचर्स और परफॉर्मेंस
OnePlus Nord CE 6 में 6.78-इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 1.5K रेजोल्यूशन और 144Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। बेहतर परफॉर्मेंस के लिए इसमें क्वालकॉम का Snapdragon 7s Gen 4 चिपसेट इस्तेमाल किया जा सकता है। फोन को ठंडा रखने के लिए इसमें 33,000mm² एरिया वाला वैपोर चैंबर कूलिंग सिस्टम भी दिया गया है। यह फोन एंड्रॉयड 16 पर आधारित OxygenOS 16 पर काम करेगा और इसमें कई AI फीचर्स जैसे AI पोर्ट्रेट ग्लो, AI इरेज़र और AI रिफ़्रेम मिलेंगे।

कैमरा और दमदार बैटरी
फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए इस फोन में 50-मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया गया है, जो डुअल एक्सिस OIS सपोर्ट के साथ आता है। सेल्फी के लिए 32-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है, जो 4K वीडियो रिकॉर्डिंग करने में सक्षम है। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 8,000mAh की विशाल बैटरी है, जो 80W फास्ट चार्जिंग और 27W रिवर्स चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
मजबूती और अन्य खूबियां
ड्यूरेबिलिटी के मामले में यह फोन काफी एडवांस है। इसमें IP66, IP68, IP69 और IP69K जैसी उच्च रेटिंग्स दी गई हैं, जो इसे पानी और धूल से सुरक्षित रखती हैं। साथ ही, इसे MIL-STD-810H मिलिट्री ग्रेड सर्टिफिकेशन भी मिला है। मनोरंजन के लिए इसमें डुअल स्पीकर सेटअप और इन-बिल्ट वीडियो व म्यूजिक एडिटिंग टूल्स दिए गए हैं।

OnePlus Nord CE 6 Lite की जानकारी
सीरीज के दूसरे फोन Nord CE 6 Lite में 6.72-इंच का LCD पैनल मिलेगा, जो 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ आएगा। यह फोन मीडियाटेक Dimensity 7400 Apex प्रोसेसर से लैस होगा। इसमें 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। यह स्मार्टफोन हाइपर ब्लैक और विविड मिंट जैसे आकर्षक रंगों में उपलब्ध होगा। वनप्लस के ये दोनों ही फोन 7 मई को आधिकारिक तौर पर भारतीय बाजार में दस्तक देंगे।
