Gariaband Suicide Case: प्रेम विवाह के एक साल बाद पति-पत्नी की मौत, एक ही घर में फांसी के फंदे पर मिले शव

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के भेजीपदर गांव में पति-पत्नी की मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शव उनके घर में फांसी के फंदे से लटके मिले। बताया जा रहा है कि मिलाप ध्रुव और मंजुला ध्रुव ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था और शादी के बाद दोनों गांव में साथ रह रहे थे।

गरियाबंद में एक ही फंदे से मिले पति-पत्नी के शव
गरियाबंद में एक ही फंदे से मिले पति-पत्नी के शव

Gariaband Suicide Case: गरियाबंद जिले के भेजीपदर गांव में एक ही घर से पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि पति मिलाप ध्रुव ने पहले जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी और बाद में फांसी लगा ली। पति की मौत के बाद उसकी पत्नी मंजुला ध्रुव ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि, दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल सामने नहीं आई है।

मामला अमलीपदर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, मिलाप ध्रुव और मंजुला ध्रुव शादी के बाद भेजीपदर गांव में साथ रह रहे थे। दोनों की शादी को अभी एक साल ही हुआ था। बताया जा रहा है कि किसी बात से परेशान होकर मिलाप ने पहले जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। इसके बाद बीती रात उसने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।

सोमवार सुबह जब घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर के भीतर दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाया और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दोनों की मौत के पीछे की वजह जानने के लिए पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद या घरेलू अनबन चल रही थी या फिर दोनों के इस कदम के पीछे कोई दूसरी वजह थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale