पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां चार साल पुराने प्रेम-प्रसंग के बाद एक युवक ने अपनी 19 साल की गर्लफ्रेंड की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को बोरे में भरकर बेखौफ अपनी मोटरसाइकिल से ठिकाने लगाने जा रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसका भांडा फूट गया और उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना सोमवार रात की है, जब बलरामपुर पुलिस बिजली विभाग के दफ्तर के पास कालीतला में रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुरुलिया की तरफ से आ रहे एक बाइक सवार को पुलिस ने रोका। बाइक के पीछे बंधी संदिग्ध बोरी देखकर पुलिस को शक हुआ। जब अधिकारियों ने बोरी खोलकर देखी, तो अंदर 19 साल की लड़की की लाश देखकर उनके होश उड़ गए। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी की पहचान बागमुंडी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के हुरुमदा गांव निवासी अमित कुमार महतो के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि मृतका उसकी गर्लफ्रेंड थी और दोनों का पिछले चार सालों से अफेयर चल रहा था। आरोपी का दावा है कि कुछ महीने पहले लड़की को किसी और से प्यार हो गया था, जो उससे बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने इस हत्याकांड को अंजाम दे दिया।
मृतक छात्रा बागमुंडी के बुरदा गांव की रहने वाली थी और पुरुलिया के तमना पुलिस स्टेशन क्षेत्र के तहत नदिहार स्थित एक मेस में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी अमित ने मेस में ही जाकर छात्रा की हत्या की और फिर शव को बोरी में भरकर ठिकाने लगाने निकल पड़ा।
बलरामपुर पुलिस की सतर्कता से आरोपी का शातिर प्लान नाकाम हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस खौफनाक घटना से पूरे बलरामपुर और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
