बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के राजाजीनगर में सामूहिक हत्याकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों की हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वारदात पहले ही हो चुकी थी, लेकिन इसका खुलासा गुरुवार देर रात हुआ। पुलिस ने आरोपी कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी के व्यवहार से नाराज रहता था। जब भी वह इस बारे में अपनी सास और सालों से शिकायत करता, तो वे उसकी पत्नी सुनीता का पक्ष लेते थे। इसी बात से नाराज होकर उसने कथित तौर पर पत्नी सुनीता और उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों की हत्या कर दी।
मृतकों में आरोपी की पत्नी सुनीता, सास रूपावती, साले शिवकुमार और शंकर, भाभियां दिव्या और नलिनी तथा शिवकुमार का सात साल का बेटा पुनीत शामिल हैं।
एक-एक कर सात लोगों की हत्या का आरोप
शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी ने हत्याकांड की पहले से योजना बनाई थी। उसने सबसे पहले अपनी पत्नी की हत्या की। इसके बाद दोनों सालों को पार्टी देने के बहाने घर बुलाया और उन्हें मार डाला। फिर उनकी पत्नियों, अपनी सास और सात साल के बच्चे की भी हत्या कर दी।
पुलिस को शक है कि आरोपी ने वारदात में सिलबट्टे के पत्थर का इस्तेमाल किया। आरोप है कि उसने शवों को अपनी कार में रखा और अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। इसके बाद खून के निशान मिटाने और सबूत नष्ट करने के लिए रसायनों का इस्तेमाल किया।
बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड के पीछे घरेलू विवाद था। आरोपी इस बात से नाराज था कि उसकी पत्नी अपने मायके वालों के संपर्क में रहती थी।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अलग-अलग बयान दिए। इससे पुलिस को इस हत्याकांड का पता चला।
नंदी हिल्स के पास सर्च ऑपरेशन में मिला बच्चे का शव
पुलिस ने नंदी हिल्स की तलहटी के पास करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सात साल के पुनीत का शव बरामद किया गया। बाकी शवों की तलाश के लिए पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है।
आरोपी ने सात हत्याओं की बात कबूली, अब तक एक शव मिला
पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने सात लोगों की हत्या करने की बात कबूल की है। हालांकि, अब तक पुलिस को केवल एक ही शव बरामद हुआ है। बाकी शवों की तलाश की जा रही है।
इससे पहले तिरुवनंतपुरम में प्रेम प्रसंग के चलते 17 साल के एक लड़के की हत्या कर दी गई थी। उसका शव बोरे में बंद मिला था। इस मामले में उसकी गर्लफ्रेंड समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया था।
