Gurugram Biker Case: महिला बाइक राइडर को टक्कर मारने का आरोपी कल्याण बैसला गिरफ्तार, पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश में घायल

हरियाणा के गुरुग्राम में महिला बाइक राइडर को टक्कर मारने के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से अरेस्ट कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद गुरुग्राम लाए जाते समय आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया।

Gurugram Biker Case: आरोपी कल्याण बैसला और उसके दोस्त लवनीश की गिरफ्तारी
Gurugram Biker Case: आरोपी कल्याण बैसला और उसके दोस्त लवनीश की गिरफ्तारी

गुरुग्राम की सड़क पर महिला बाइक राइडर को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के बाद उसे पुलिस की गाड़ी से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पेशाब करने के लिए गाड़ी रुकवाई और मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे काबू कर लिया, लेकिन गिरने की वजह से उसे कुछ चोटें आईं। इसके बाद अस्पताल में उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।

पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच सोहना की टीम ने कार्रवाई करते हुए कल्याण बैसला को दौसा-राजगढ़ के बीच राजस्थान से पकड़ा। आरोपी पलवल के चांदहट का रहने वाला है और उसकी उम्र 33 साल बताई गई है। उसकी तलाश के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की थीं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि कल्याण बैसला एक मीडिया चैनल को बाइट देने के बाद फरार हो गया था। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था। उसकी तलाश में गठित तीन पुलिस टीमों ने कार्रवाई की और आखिरकार उसे राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में कई सख्त धाराएं जोड़ी गई हैं। इनमें हत्या के प्रयास की धारा भी शामिल है।

पुलिस ने आरोपी के पास से वह मारुति सियाज कार भी बरामद कर ली है, जिसका इस्तेमाल घटना को अंजाम देने में किया गया था। पुलिस के मुताबिक, यह कार आरोपी के दोस्त के नाम पर पंजीकृत है।

इस मामले में पुलिस ने कल्याण बैसला के दोस्त लवनीश को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय लवनीश भी कार में मौजूद था और उस पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale