लंदन: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हेड कोच ब्रैंडन मैक्कुलम इस समय अपने करियर के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। एशेज श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली 4-1 की करारी शिकस्त के बाद टीम के आंतरिक कल्चर, अनुशासन और मैक्कुलम की कार्यशैली को लेकर सनसनीखेज आरोप लगे हैं। ‘द टेलीग्राफ’ की एक हालिया रिपोर्ट ने इंग्लिश ड्रेसिंग रूम के उन पहलुओं को उजागर किया है, जिसने टीम की पेशेवरता पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया दौरा एक ‘सिस्टमेटिक फेल्योर’ साबित हुआ, जहां खराब तैयारी और बेअसर साबित हुई ‘बैजबॉल’ रणनीति ने टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।
सबसे गंभीर आरोप टीम के भीतर पनप रही गुटबाजी को लेकर हैं। बताया जा रहा है कि मैक्कुलम अनजाने में उन खिलाड़ियों की ओर अधिक आकर्षित रहते हैं जो उनकी तरह बीयर, वेपिंग और गोल्फ के शौकीन हैं। इससे टीम में एक ऐसा ‘खास गुट’ बन गया, जिससे बाकी खिलाड़ी खुद को अलग-थलग महसूस करने लगे। एशेज के दौरान नूसा में लिए गए एक ब्रेक की तस्वीरें भी सामने आईं, जिसमें खिलाड़ी सार्वजनिक रूप से नशे में धुत दिखे। रिपोर्ट के मुताबिक, मैक्कुलम की वेपिंग (Vape) की आदत पूरी टीम में फैल गई है, और खिलाड़ी अभ्यास के बजाय ‘रोकोको बिस्ट्रो’ जैसे बार में अधिक समय बिताते नजर आए। कुछ खिलाड़ियों का मानना है कि इस ‘गैर-गंभीर’ माहौल की वजह से उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में जीत दर्ज करने का एक ऐतिहासिक मौका गंवा दिया।
मैक्कुलम की कुर्सी तब और खतरे में पड़ गई जब कप्तान बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) को सौंपी अपनी रिपोर्ट में हार के लिए सीधे तौर पर टीम मैनेजमेंट को जिम्मेदार ठहराया। समीक्षा बैठक के दौरान कप्तान और कोच के बीच तीखी बहस और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप की खबरें भी आईं। हालांकि, ईसीबी ने फिलहाल मैक्कुलम को पद से हटाने का फैसला टाल दिया है, जिसका एक बड़ा कारण उनका 18 महीने का बचा हुआ अनुबंध और भारी वित्तीय हर्जाना है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मैक्कुलम ने अपने रुख में बदलाव किया और क्रिकेट निदेशक रॉब की द्वारा लागू किए गए सख्त अनुशासन नियमों को स्वीकार कर लिया है।
अनुशासन में सुधार का असर हालिया दौरों पर भी देखने को मिला है। इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में जीत दर्ज की और इसी लय को 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में भी बरकरार रखा। टूर्नामेंट में हैरी ब्रूक, विल जैक्स और जैकब बेथेल ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली हार ने एक बार फिर दबाव में टीम की पुरानी कमियों को उजागर कर दिया है। फिलहाल मैक्कुलम और स्टोक्स के बीच बातचीत के बाद सुलह हो गई है, लेकिन कोच के रूप में मैक्कुलम का भविष्य अब उनके द्वारा किए जाने वाले ठोस सुधारों और आगामी प्रदर्शनों पर टिका है।
