हजरत निजामुद्दीन से एर्नाकुलम जाने वाली मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में बिना टिकट यात्रा को लेकर एक बड़ा हंगामा देखने को मिला। टिकट जांच के दौरान बिना टिकट सफर कर रही एक महिला यात्री ने महिला टीटीई से कथित तौर पर मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में महिला टीटीई अंजलि प्रजापति नियमित टिकट जांच कर रही थीं। इसी दौरान ग्वालियर स्टेशन से ट्रेन में चढ़ी महिला यात्री प्रियंका सिंह से टिकट मांगा गया। जांच में पता चला कि वह बिना टिकट यात्रा कर रही थीं।
नियमों के तहत टीटीई ने महिला से जुर्माना भरकर टिकट बनवाने के लिए कहा। शुरुआत में महिला इसके लिए तैयार हो गई, लेकिन जब टीटीई ने पूछा कि भुगतान नकद करेंगी या ऑनलाइन, तो वह कथित तौर पर भड़क गई और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि महिला यात्री ने टीटीई के बाल खींचे और उनके साथ मारपीट की। इसके अलावा उसने रेलवे का सरकारी टैब छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया। महिला पर टीटीई की ईएफटी (EFT) बुक छीनने का भी आरोप है, जिससे रेलवे का कामकाज प्रभावित हुआ।
घटना के दौरान कोच में मौजूद यात्रियों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया। अन्य यात्रियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया और स्थिति को शांत कराने की कोशिश की।
मारपीट के बाद महिला टीटीई अंजलि प्रजापति ने झांसी रेलवे कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर झांसी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम पहले से तैनात रही। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी ने आरोपी महिला प्रियंका सिंह को हिरासत में ले लिया।
जीआरपी ने सरकारी कर्मचारी से मारपीट, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में जीरो एफआईआर दर्ज की है। चूंकि घटना ग्वालियर स्टेशन के आसपास शुरू हुई थी, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी महिला को ग्वालियर जीआरपी के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल, चलती ट्रेन में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
