सोनम वांगचुक के अनशन के समर्थन में उतरा बॉलीवुड, इमरान खान और फातिमा सना शेख का बड़ा पोस्ट

नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में पूरा बॉलीवुड उतर आया है। इमरान खान, फातिमा सना शेख और समय रैना समेत कई सितारों ने सरकार से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।

सोनम वांगचुक के समर्थन में इमरान खान, फातिमा सना शेख समेत कई सितारे
सोनम वांगचुक के समर्थन में इमरान खान, फातिमा सना शेख समेत कई सितारे

सोनम वांगचुक के समर्थन में फिल्मी जगत की आवाजें लगातार तेज होती जा रही हैं। नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर वांगचुक पिछले 19 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। उनके साथ कई छात्र भी अनशन पर बैठे हैं। लगातार भूख हड़ताल के कारण उनकी सेहत बिगड़ रही है और उनका वजन करीब साढ़े आठ किलो कम हो गया है। उनका अनशन समाप्त करवाने के लिए जनहित याचिका भी दायर की गई है।

नीट पेपर लीक और अन्य परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ शुरू हुई यह लड़ाई अब जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। सोनम वांगचुक 6 जून 2026 को जंतर-मंतर पहुंचे थे और 28 जून से उन्होंने भूख हड़ताल शुरू की। उनकी बिगड़ती सेहत को लेकर अब कई फिल्मी हस्तियों ने चिंता जताते हुए सरकार से छात्रों की मांगों पर ध्यान देने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।

एक्टर इमरान खान ने सोशल मीडिया पर छात्रों की पीड़ा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने लिखा कि यदि छात्रों से ईमानदारी से परीक्षा देने की अपेक्षा की जाती है, तो परीक्षा प्रक्रिया की जिम्मेदारी संभालने वाली संस्थाओं से भी उतनी ही जवाबदेही की उम्मीद की जानी चाहिए। उन्होंने इसे किसी राजनीतिक बहस से ऊपर बताते हुए निष्पक्ष व्यवस्था की मांग की।

इमरान खान ने एक अन्य पोस्ट में महात्मा गांधी के दांडी मार्च से जुड़ा एक कार्टून साझा किया, जिस पर “चलो संसद” लिखा था। इसे साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “मैं भविष्य के लिए खड़ा हूं।” उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू होना है और उसी दिन “चलो संसद” आंदोलन भी प्रस्तावित है।

एक्ट्रेस फातिमा सना शेख ने भी जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक की तस्वीरें साझा करते हुए चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अब 19 दिन हो चुके हैं और ऐसा इंतजार नहीं किया जा सकता कि बात सुनने में बहुत देर हो जाए। उन्होंने कहा कि देश के लिए योगदान देने वाले व्यक्ति को अपनी बात सुनाने के लिए अपनी सेहत दांव पर नहीं लगानी चाहिए और उम्मीद जताई कि इसका समाधान बातचीत से निकले, न कि वांगचुक को खोकर।

कॉमेडियन समय रैना ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए वांगचुक के समर्थन में संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि वह प्रार्थना करते हैं कि सोनम वांगचुक स्वस्थ रहें और यह पूरा मामला जल्द बातचीत के जरिए समाप्त हो जाए।

एक्टर आयुष शर्मा ने भी सोनम वांगचुक के समर्थन में पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि इतिहास की दिशा बदलने के लिए हमेशा ऊंची आवाज की जरूरत नहीं होती। उन्होंने कहा कि वांगचुक ने शांति, ज्ञान और अटूट विश्वास के साथ एक पूरी पीढ़ी को अपने लोगों और भविष्य के लिए आवाज उठाने की प्रेरणा दी है।

इमरान खान, फातिमा सना शेख, समय रैना और आयुष शर्मा के अलावा प्रकाश राज, अनुराग कश्यप, जीनत अमान, नसीरुद्दीन शाह, सोनी राजदान, सोनाक्षी सिन्हा, विशाल ददलानी, सयाजी शिंदे, अभय देओल, देवोलीना भट्टाचार्जी और कुनिका सदानंद सहित कई फिल्मी हस्तियां भी सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी आवाज उठा चुकी हैं। वहीं, वांगचुक शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलावों और अपनी मांगों को लेकर अनशन पर कायम हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale