केप कैनावेरल, फ्लोरिडा: भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला के बहुप्रतीक्षित ‘एक्सियोम-4’ (Axiom-4) मिशन को एक बार फिर टाल दिया गया है। नासा ने सर्विस मॉड्यूल के पिछले हिस्से की मरम्मत के कारण 22 जून को होने वाले इस लॉन्च को स्थगित करने का फैसला किया है। लॉन्च की अगली तारीख अभी तय नहीं की गई है, जिससे भारत और अंतरिक्ष प्रेमी निराश हैं।
यह मिशन पांचवीं बार टला है। इससे पहले इसे 29 मई, 8 जून, 10 जून और 11 जून को भी विभिन्न कारणों से स्थगित किया जा चुका है। नासा के साथ-साथ भारत के लिए यह मिशन बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि शुभांशु शुक्ला इस मिशन का हिस्सा हैं।
मिशन टलने के पीछे कई कारण रहे हैं। पहले खराब मौसम और फिर रॉकेट में लिक्विड के रिसाव के कारण इसे टाला गया था। इसके बाद, अंतरिक्ष स्टेशन में रिसाव की मरम्मत के कारण भी लॉन्च को स्थगित करना पड़ा। अब सर्विस मॉड्यूल के पिछले हिस्से की मरम्मत को अंतिम वजह बताया गया है।
शुभांशु शुक्ला को 2019 में भारत के गगनयान मिशन के लिए चुना गया था। उन्होंने 2019-2021 के बीच रूस के यूरी गगारिन कॉस्मोनॉट ट्रेनिंग सेंटर में बेसिक ट्रेनिंग ली थी। इसके बाद, उन्होंने टेक्सास स्थित नासा सेंटर में भी अपनी ट्रेनिंग पूरी की है।
नासा के अनुसार, वर्तमान में अंतरिक्ष स्टेशन में पहले से ही 7 अंतरिक्ष यात्री मौजूद हैं। शुभांशु शुक्ला के साथ तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को इस मिशन के तहत भेजा जाना है। शुभांशु शुक्ला फिलहाल लॉन्च की प्रतीक्षा में क्वारंटाइन में हैं।
