Nepal Election Results 2026: नेपाल में आम चुनाव के लिए डाले गए वोटों की गिनती जारी है और शुरुआती रुझानों में देश की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। नेपाल के चुनाव आयोग के अनुसार, प्रत्यक्ष प्रणाली यानी एफपीटीपी के तहत आने वाली 165 सीटों के नतीजे मतगणना शुरू होने के लगभग 24 घंटे के भीतर जारी किए जाने की योजना है। हालांकि पहाड़ी और दूरदराज के इलाकों से मतपेटियां मतगणना केंद्रों तक पहुंचाने में समय लगने के कारण कुछ सीटों के परिणाम देर से घोषित किए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि 5 मार्च को हुए इस आम चुनाव में योग्य मतदाताओं में से करीब 60 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। इस चुनाव में कुल 65 राजनीतिक दलों के 3,400 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला काफी रोचक हो गया है।
मतगणना के शुरुआती रुझानों में रैपर से राजनेता बने बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी को बड़ी बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। पार्टी 41 सीटों पर आगे चल रही है, जिससे यह चुनावी दौड़ में सबसे मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। इसके मुकाबले नेपाली कांग्रेस चार सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की पार्टी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूएमएल) दो सीटों पर आगे चल रही है। वहीं श्रम शक्ति पार्टी एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
झापा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 5 से भी दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। शुरुआती मतगणना के अनुसार यहां से भी बालेन शाह बढ़त बनाए हुए हैं। कमल ग्रामीण नगरपालिका के बसबारी स्कूल और गौरादहा ग्रामीण नगरपालिका के मोती स्कूल मतदान केंद्रों की गिनती में पड़े लगभग 1,400 वोटों में से बालेन शाह को 814 वोट मिले हैं। वहीं केपी शर्मा ओली को 384 वोट मिले हैं, जिससे वे दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।
चुनावी रुझानों के आधार पर यह साफ दिखाई दे रहा है कि बालेन शाह की पार्टी को युवाओं और नए मतदाताओं का बड़ा समर्थन मिल रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर यही रुझान अंतिम परिणामों में भी कायम रहता है तो नेपाल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और नई राजनीतिक ताकत सत्ता के करीब पहुंच सकती है।
