फ्रांस में आयोजित सालाना G7 समिट का समापन हो गया है। इस मौके पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सफल फ्रांस यात्रा के लिए उनका आभार जताया। खास बात यह रही कि मैक्रों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर हिंदी में पीएम मोदी को विदाई दी।
वीडियो में मैक्रों ने हिंदी में कहा, “प्रिय मित्र नरेंद्र, मुझे बहुत खुशी है, दौरे के लिए स्वागत करते हुए। फ्रांस और भारत की दोस्ती अमर रहे।” इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी हिंदी सही रही होगी। उन्होंने पीएम मोदी को यात्रा के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह दौरा बेहद सफल रहा और फ्रांस भारत के साथ अपनी दोस्ती को बहुत महत्व देता है। मैक्रों ने यह भी कहा कि वह अगले साल फरवरी में फिर मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं। अंत में उन्होंने “जय हिंद” कहकर अपना संदेश समाप्त किया।
मैक्रों द्वारा साझा किए गए वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी भी नजर आए। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने मैक्रों को उनका वादा याद दिलाते हुए भारत आने का न्योता दिया। इस पर मैक्रों ने जवाब दिया कि वह अगले वर्ष फरवरी में भारत आने की योजना बना रहे हैं।
— Emmanuel Macron (@EmmanuelMacron) June 18, 2026
इससे पहले ‘भारत इनोवेट्स 2026’ कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई भी दी थी। उन्होंने कहा था कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, उनके दृढ़ संकल्प और भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है।
मैक्रों ने अपने संबोधन में कहा था कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री के कार्यों, भारत की ताकत और उसकी उल्लेखनीय प्रगति को दर्शाती है। उन्होंने इसे एक अद्भुत उपलब्धि बताया था।
गौरतलब है कि 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा किया था। इसके साथ ही उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। नेहरू ने यह कार्यकाल 1952 से 1964 के बीच पूरा किया था।
