West Bengal Election Re-polling: पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान पूरा होने के बाद शनिवार को 15 बूथों पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है। चुनाव आयोग ने गड़बड़ी और ईवीएम से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह फैसला लिया है। दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के इन बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी केंद्रों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
आयोग के आदेश के मुताबिक मगराहाट पश्चिम के 11 बूथों और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर पुनर्मतदान हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से रिपोर्ट मिलने के बाद वहां पुनर्मतदान पर भी फैसला लिया जा सकता है। इन सीटों पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण के तहत मतदान हुआ था, जिसके बाद कई शिकायतें सामने आई थीं।
निर्वाचन आयोग ने बताया कि रीपोलिंग का फैसला निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। मतदान के दौरान सामने आई परिस्थितियों और शिकायतों की जांच के बाद आयोग ने दोबारा वोटिंग कराने का आदेश दिया।
इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा ने आरोप लगाया था कि डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के कई बूथों पर बड़े पैमाने पर चुनावी अनियमितताएं हुई थीं। पार्टी ने निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए दोबारा वोटिंग की मांग की थी। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने आयोग के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि कई बूथों पर धांधली हुई थी और पुनर्मतदान जरूरी था।
वहीं तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया है। टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि भाजपा को इन क्षेत्रों में हार का डर सता रहा है, इसलिए वह रीपोलिंग की मांग कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को दोबारा मतदान की प्रक्रिया से गुजरने पर मजबूर कर रही है, लेकिन जनादेश पहले की तरह ही टीएमसी के पक्ष में रहेगा।
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दो चरण पूरे हो चुके हैं और अब सभी की नजरें 4 मई पर टिकी हैं, जब वोटों की गिनती होगी। कई एग्जिट पोल में इस बार भाजपा को बढ़त दिखाई गई है, जबकि तृणमूल कांग्रेस अपने लगातार शासन को बरकरार रखने का दावा कर रही है। असली तस्वीर मतगणना के दिन ही सामने आएगी।
