Delhi Fire Tragedy: दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक अग्निकांड ने नौ लोगों की जान ले ली। सुबह करीब 3:47 बजे एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि राहत और तलाशी अभियान अभी जारी है।
दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही 14 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। फायरकर्मियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और धुएं से भरी इमारत से 12 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कई घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एसी ब्लास्ट बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में एयर कंडीशनर फटने से आग लगी, जिसने कुछ ही देर में तीसरी मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि तीसरी मंजिल पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन वहां पहुंचने पर छत का दरवाजा बंद मिला। बाहर निकलने का रास्ता न मिलने के कारण वे आग और धुएं में फंस गए, जिससे उनकी मौत हो गई। दूसरी मंजिल पर भी कई लोग फंसे हुए थे, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई। फायरकर्मियों ने बताया कि तीन शव बिस्तर पर पड़े मिले, जिससे अंदेशा है कि वे नींद में ही आग की चपेट में आ गए।
पुलिस ने मृतकों की पहचान 60 वर्षीय अरविंद, उनकी पत्नी 58 वर्षीय अनीता जैन, 35 वर्षीय निशांत जैन, अंचल जैन और डेढ़ वर्षीय मासूम आकाश जैन के रूप में की है। ये सभी दूसरी मंजिल पर रहते थे। पहली मंजिल पर 45 वर्षीय शिखा जैन मृत पाई गईं। वहीं तीसरी मंजिल पर 50 वर्षीय नितिन जैन, उनकी पत्नी शैली जैन और बेटे सम्यक की मौत हुई है।
इस हादसे में 48 वर्षीय नवीन जैन घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत में कूलिंग ऑपरेशन और सर्च अभियान जारी है। पुलिस और फायर विभाग आग लगने के सही कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
