अभिनेत्री तृषा पर टिप्पणी को लेकर विवादों में उदयनिधि स्टालिन, टीवीके बोली- शर्मनाक; बीजेपी ने की गिरफ्तारी की मांग

तमिलनाडु में डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन द्वारा अभिनेत्री तृषा और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को लेकर की गई टिप्पणी पर भारी विवाद खड़ा हो गया है। टीवीके (TVK) और बीजेपी ने इसे अमर्यादित बताते हुए कड़ा विरोध जताया है और बीजेपी ने उदयनिधि की गिरफ्तारी की मांग की है।

अभिनेत्री तृषा पर टिप्पणी को लेकर विवादों में उदयनिधि स्टालिन
अभिनेत्री तृषा पर टिप्पणी को लेकर विवादों में उदयनिधि स्टालिन

चेन्नई: तमिलनाडु में विपक्ष के नेता और डीएमके (DMK) के वरिष्ठ नेता उदयनिधि स्टालिन द्वारा अभिनेत्री तृषा को लेकर दिए गए एक बयान पर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कज़गम (TVK) ने इस टिप्पणी को बेहद घटिया और शर्मनाक बताया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उदयनिधि स्टालिन की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब कावेरी मुद्दे पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए उदयनिधि स्टालिन मुख्यमंत्री विजय पर हमला बोल रहे थे। इसी दौरान भीड़ में से ‘तृषा-तृषा’ के नारे लगने लगे, जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए उदयनिधि पहले मुस्कुराए और फिर एक ऐसी टिप्पणी की, जिसे सीधे तौर पर अभिनेत्री तृषा की तरफ इशारा माना गया। उल्लेखनीय है कि तृषा, मुख्यमंत्री विजय की को-स्टार और करीबी मित्र मानी जाती हैं।

TVK और बीजेपी ने जताई कड़ी आपत्ति

भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सत्तारूढ़ TVK और विपक्षी दल बीजेपी ने डीएमके नेता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। TVK विधायक रेवंत चरण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि यह बयान बेहद शर्मनाक और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अपमानजनक भाषा से संबंधित परिवार की सोच, राजनीतिक संस्कृति और गिरते स्तर का स्पष्ट पता चलता है।

वहीं, तमिलनाडु बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उदयनिधि स्टालिन को जेल भेजने की मांग की। उन्होंने कहा कि तंजावुर में मुख्यमंत्री विजय और तृषा के बारे में उदयनिधि का द्विअर्थी भाषण घिनौना, अश्लील और अमर्यादित है। उन्होंने सवाल उठाया कि एक पूर्व मुख्यमंत्री के सामने सार्वजनिक मंचों से इस तरह की भाषा का प्रयोग होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने जोर दिया कि अगर मुख्यमंत्री जोसेफ विजय इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार करवाते हैं, तो इससे उनका मान और बढ़ेगा।

‘अभिनेता संघ दर्ज कराए अपना विरोध’

बीजेपी नेता विनोज पी. सेल्वन ने भी इस टिप्पणी को लेकर उदयनिधि की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता खुद एक पूर्व अभिनेता रह चुके हैं, इसके बावजूद साथी कलाकारों के बारे में इस प्रकार की अपमानजनक बातें करना बेहद हैरान करने वाला है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में अभिनेता संघ को भी अपनी आधिकारिक निंदा दर्ज करानी चाहिए।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale