वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में उस समय एक बड़ा हादसा टल गया जब पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के काफिले को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में काफिले में शामिल कई सुरक्षाकर्मी और ड्राइवर घायल हो गए। यह घटना हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH मुख्य मार्ग पर घटी।
जानकारी के अनुसार, तेजस्वी यादव का काफिला सड़क किनारे चाय पीने के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने काफिले में खड़ी दो से तीन गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने भाग रहे ट्रक को टोल प्लाजा पर धर दबोचा।
बताया गया है कि सड़क दुर्घटना में तेजस्वी यादव के साथ चल रहे काफिले में शामिल सुरक्षाकर्मी और ड्राइवर घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही तेजस्वी यादव खुद सदर अस्पताल पहुंचे और घायल कर्मियों का हालचाल जाना।
इस मौके पर तेजस्वी यादव ने सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही वृद्धि पर चिंता व्यक्त की और कहा कि हर दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने इस लापरवाही में शामिल सभी कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बताया गया है कि तेजस्वी यादव मधेपुरा में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर रात पटना वापस लौट रहे थे। इस दुर्घटना में तेजस्वी यादव बाल-बाल बच गए। जिस जगह पर ट्रक ने टक्कर मारी थी, उससे महज 5 फीट की दूरी पर ही तेजस्वी यादव खड़े थे, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
