Nalanda temple stampede: बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां मंदिर में मची भगदड़ के चलते आठ महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। मृतकों में कई महिलाएं पटना की बताई जा रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
यह हादसा दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में हुआ। बताया जा रहा है कि भारी भीड़ और पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण अचानक भगदड़ मच गई। हालांकि घटना की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रशासन की ओर से अभी तक मृतकों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, हर मंगलवार को मंदिर में हजारों श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में लोग जुटे थे, लेकिन सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था कमजोर रही। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ हो गई।
Big BREAKING🚨🚨
— राजपूत सवित सिंह (@Savit12) March 31, 2026
बिहार के नालंदा स्थित शीतला मंदिर में अत्यधिक भीड़ होने के कारण भगदड़ हो गई जिससे कई लोग दब गए है।
हादसे में अबतक 8 लोगों की मौत हो गई है और दर्जन से अधिक लोग जख्मी हुए है। #Bihar #Nalanda #Stampede #NalandaStampede pic.twitter.com/A2j4cq0RdH
घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। कई एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचीं और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। घायलों की संख्या 10 से 12 के बीच बताई जा रही है। मंदिर परिसर को खाली कराकर वहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इसी बीच, नालंदा में आज नालंदा विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह भी आयोजित होना है, जिसमें द्रौपदी मुर्मू और नीतीश कुमार के शामिल होने का कार्यक्रम है। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या इस बड़े आयोजन के चलते मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही हुई।
फिलहाल प्रशासन के आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा किन कारणों से हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
