सिक्किम के नामची जिले स्थित समरदुंग टनल में बड़ा हादसा हुआ है, जहां भूस्खलन होने से निर्माणाधीन टनल के बाहर भारी मलबा जमा हो गया और प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद हो गया। इस वजह से करीब 27 मजदूर टनल के भीतर फंस गए। ताजा जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन ने हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। सभी शवों को सिंगतम जिला अस्पताल, एसटीएनएम अस्पताल (गंगटोक) और नामची जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
इस समय बचाव अभियान के सामने सबसे बड़ी चुनौती टनल के अंदर मौजूद जहरीली मीथेन गैस बनी हुई है। भूस्खलन के कारण जमीन और चट्टानों की परतें खिसकने से यह गैस बाहर निकली है। गैस के प्रभाव से कई बचावकर्मियों को चक्कर आने और कुछ के बेहोश होने की खबर है, जिससे राहत कार्य में भारी दिक्कतें आ रही हैं। टनल का संकरा रास्ता और बेहद कम दृश्यता भी रेस्क्यू में बाधा डाल रही है, इसलिए पूरे ऑपरेशन को बेहद सावधानी से अंजाम दिया जा रहा है।
फंसे हुए बाकी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए नामची जिला प्रशासन एनएचपीसी (NHPC) के अधिकारियों, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सिक्किम पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस और स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। इसके साथ ही एसएसडीएमए (SSDMA) भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन का कहना है कि सामरदुंग-मामरिंग टनल में राहत और बचाव का काम लगातार जारी है।
