Shivraj Patil Dies at 91: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल चाकुरकर का निधन हो गया है। वह 91 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे उन्होंने महाराष्ट्र के लातूर स्थित अपने घर ‘देवघर’ में अंतिम सांस ली। परिवार के अनुसार, उनकी तबीयत काफी समय से ठीक नहीं थी और घर पर ही इलाज चल रहा था।
शिवराज पाटिल चाकुरकर 2008 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान देश के गृह मंत्री थे। हमले के बाद उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले वह लोकसभा के स्पीकर भी रहे और अपने लंबे राजनैतिक करियर में कई केंद्रीय मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली।
लातूर जिले के चाकुर के रहने वाले पाटिल मराठवाड़ा और महाराष्ट्र की राजनीति में कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। वह लातूर लोकसभा सीट से सात बार सांसद रहे। 2004 में लोकसभा चुनाव हारने के बाद भी पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा और केंद्र में गृह मंत्री का महत्वपूर्ण पद सौंपा था।
उनके निधन की खबर से कांग्रेस पार्टी और पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। कांग्रेस नेताओं ने उनके निधन को पार्टी और देश की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति बताया है। लातूर में उनके निवास पर नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का शोक व्यक्त करने का क्रम लगातार जारी है।
