रांची: झारखंड में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और रांची के प्रतिष्ठित बिल्डर रमेश सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोप है कि कुख्यात राहुल सिंह गैंग ने व्हाट्सएप कॉल कर रमेश सिंह से रंगदारी मांगी और धमकी भरे मैसेज भेजे। मैसेज में लिखा गया है, “खूब नोट छाप रहे हो, रंगदारी दो नहीं तो तुम्हारे काम पर हमारी नजर है। रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो।”
रांची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है। रमेश सिंह को इससे पहले भी इस तरह की धमकी मिल चुकी है। 1 सितंबर, 2025 को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) से जुड़े नक्सलियों ने भी रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। उस समय भी रमेश सिंह ने सुखदेव नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
रमेश सिंह (49) रांची के रातू रोड क्षेत्र में रहते हैं और धार्मिक-सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। हाल ही में उन्होंने अल्बर्ट एक्का चौक के पास 60 लाख रुपए से अधिक लागत से भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया था। इस दौरान 3 अक्टूबर को उनके फोन पर राहुल सिंह गैंग के सदस्य ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से रंगदारी की मांग की।
लगातार मिल रही धमकियों से रमेश सिंह और उनका परिवार डर और चिंता में हैं। पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द ही पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने के लिए कदम उठाए हैं, ताकि रमेश सिंह और उनके परिवार को किसी भी तरह का खतरा न पहुंचे।
