Prateek Yadav Death: सीएम योगी ने प्रतीक यादव के निधन पर जताया गहरा शोक, अपर्णा यादव और परिवार के प्रति व्यक्त की संवेदना

समाजवादी पार्टी संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के परिवार से जुड़ी एक बेहद दुखद खबर ने उत्तर प्रदेश की राजनीति और सामाजिक जगत को शोक में डुबो दिया है। मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीिक यादव का बुधवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया।

प्रतीक यादव के निधन पर CM योगी आदित्यनाथ ने जताया गहरा शोक
प्रतीक यादव के निधन पर CM योगी आदित्यनाथ ने जताया गहरा शोक

Prateek Yadav Death: सपा संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) के माध्यम से अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए इस घटना को ‘अत्यंत दुःखद’ बताया। उन्होंने अपने संदेश में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार, विशेषकर प्रतीक यादव की पत्नी और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के प्रति अपनी सहानुभूति जताई। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि वे परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

38 वर्षीय प्रतीक यादव का निधन बुधवार सुबह हुआ। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजे अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रतीक यादव पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और हाल ही में लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भी भर्ती रहे थे। उस दौरान अखिलेश यादव खुद उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। हालांकि कुछ दिन पहले सुधार होने पर उन्हें घर लाया गया था, लेकिन बुधवार की सुबह उनके स्वास्थ्य में आई गिरावट जानलेवा साबित हुई।

राजनीतिक रूप से देश के सबसे प्रभावशाली परिवारों में से एक का हिस्सा होने के बावजूद प्रतीक यादव ने खुद को हमेशा सक्रिय राजनीति से दूर रखा। ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से शिक्षित प्रतीक ने फिटनेस और रियल एस्टेट सेक्टर में अपना करियर बनाया। लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से एक प्रसिद्ध जिम संचालित करते थे। फिटनेस के प्रति उनके जुनून के अलावा, वह अपने पशु प्रेम के लिए भी काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने ‘जीव आश्रय’ नाम की एक संस्था बनाई थी, जो घायल और बेसहारा जानवरों, विशेषकर स्ट्रीट डॉग्स के रेस्क्यू और इलाज के लिए काम करती थी।

प्रतीक यादव के निधन से न केवल यादव परिवार बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में भाजपा में सक्रिय हैं और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रही हैं। राजनीतिक विचारधाराएं अलग होने के बावजूद परिवार के भीतर निजी स्तर पर हमेशा मधुर संबंध बने रहे। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद यह यादव परिवार के लिए एक और बड़ा भावनात्मक आघात है। फिलहाल उनके अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच लखनऊ स्थित आवास पर समर्थकों और विभिन्न दलों के नेताओं का जुटना शुरू हो गया है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale