नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन: पीएम मोदी बोले—“पहले के सीएम यहां आने से डरते थे, आज दुनिया का स्वागत हो रहा है”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के नोएडा में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश अब उन राज्यों में शामिल हो गया है, जहां कई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे मौजूद हैं।

PM Modi Jewar Airport Speech
PM Modi Jewar Airport Speech

PM Modi Jewar Airport Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का भव्य उद्घाटन किया। एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने इस पल को ‘नए भारत के नए मिजाज’ का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो गया है, जिसके पास कई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि जिस प्रदेश ने उन्हें सांसद बनाकर सेवा का अवसर दिया, आज उस प्रदेश की पहचान इस आधुनिक और भव्य एयरपोर्ट से जुड़ गई है।

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने पश्चिमी एशिया (मिडिल ईस्ट) में जारी युद्ध और उससे उपजे वैश्विक संकट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया युद्ध के कारण चिंतित है और कई देशों में ईंधन तथा खाद्यान्न का गंभीर संकट पैदा हो गया है। चूंकि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़ी मात्रा में कच्चे तेल का आयात करता है, इसलिए सरकार पूरी सतर्कता के साथ कदम उठा रही है। पीएम मोदी ने देशवासियों को भरोसा दिलाया कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि वैश्विक उथल-पुथल का बोझ देश के आम परिवारों और किसानों की जेब पर न पड़े।

राजनीतिक प्रहार करते हुए प्रधानमंत्री ने पिछली सरकारों की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने नोएडा और आसपास के क्षेत्र को केवल “लूट का एटीएम” बना रखा था, लेकिन आज वही क्षेत्र उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का पावरहाउस बन चुका है। प्रधानमंत्री ने प्रोजेक्ट में हुई देरी का कच्चा चिट्ठा खोलते हुए बताया कि इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने साल 2003 में ही हरी झंडी दे दी थी, लेकिन उसके बाद केंद्र में कांग्रेस और राज्य की तत्कालीन सरकारों ने इसे फाइलों में दबाए रखा। उन्होंने कहा कि 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद भी उत्तर प्रदेश की तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार ने इस प्रोजेक्ट में सहयोग नहीं किया, जिससे निर्माण कार्य समय पर शुरू नहीं हो सका।

प्रधानमंत्री ने “डबल इंजन सरकार” के फायदों को गिनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को असली गति मिली। उन्होंने नोएडा से जुड़े पुराने अंधविश्वासों पर भी तंज कसा और अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे पहले के मुख्यमंत्री यहां आने से डरते थे और उन्हें भी आने से रोकने की कोशिश की गई थी। पीएम मोदी ने कहा कि आज वही नोएडा पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। उन्होंने इस एयरपोर्ट का लाभ केवल गौतमबुद्ध नगर ही नहीं, बल्कि आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ और बुलंदशहर समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के फरीदाबाद तक पहुंचने का दावा किया।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale