पीएम मोदी से मिले NCP (SP) के सभी 8 सांसद, सुप्रिया सुले भी रहीं मौजूद; बाढ़, फसल और विकास पर हुई चर्चा

NCP (SP) MPs Meet PM Modi: संसद हंगामे के बीच सुप्रिया सुले समेत शरद पवार गुट के सभी 8 सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सांसदों ने महाराष्ट्र में बाढ़, बारिश और किसानों के मुद्दों पर चर्चा की। इस मुलाकात पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत और कांग्रेस की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।

सुप्रिया सुले समेत शरद पवार गुट के सभी 8 सांसदों ने की पीएम मोदी से मुलाकात
सुप्रिया सुले समेत शरद पवार गुट के सभी 8 सांसदों ने की पीएम मोदी से मुलाकात

नई दिल्ली: शरद पवार की पार्टी एनसीपी (एसपी) के सभी 8 सांसदों ने सोमवार, 10 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में सुप्रिया सुले भी शामिल रहीं। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रधानमंत्री के सामने रखने पहुंचे थे। बैठक में बाढ़ और बारिश से पैदा हुई स्थिति, फसलों की कीमत और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों की बातें सुनीं और उन्हें भरोसा दिया कि उनके क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं को देखा जाएगा और उन्हें दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है। विपक्षी दल लाठीचार्ज के मामले में अमित शाह से जवाब मांग रहे हैं और राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे को भी उठा रहे हैं। ऐसे माहौल में विपक्षी खेमे में शामिल एनसीपी (एसपी) के सांसदों की प्रधानमंत्री से मुलाकात ने कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट के बीच चर्चा बढ़ा दी है।

हालांकि, सोमवार को ही हुई विपक्षी दलों की बैठक में सुप्रिया सुले भी मौजूद थीं। ऐसे में एनसीपी (एसपी) के सांसदों की प्रधानमंत्री के साथ हुई मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

संजय राउत बोले- शरद पवार NDA में शामिल नहीं होंगे

शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने एनसीपी (एसपी) सांसदों की प्रधानमंत्री से मुलाकात पर कहा कि शरद पवार गुट के सांसद प्रधानमंत्री से मिल रहे हैं, यह कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी और शरद पवार को जितना वह जानते हैं, उसके आधार पर पवार कभी एनडीए में शामिल नहीं होंगे।

कांग्रेस ने क्या कहा?

कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने कहा कि प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान सांसदों को महिला आरक्षण बिल को तत्काल लागू करने की मांग रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 में संसद से पारित हुआ था और इसका परिसीमन बिल से कोई संबंध नहीं है।

सचिन सावंत ने परिसीमन बिल का विरोध करने और प्रधानमंत्री को इंडिया ब्लॉक की एकता के बारे में बताने की बात भी कही।

सुप्रिया सुले ने पहले क्या कहा था?

इस मुलाकात से पहले सुप्रिया सुले ने कहा था कि दुर्भाग्य से सदन ठीक से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा था कि उनके चुनाव क्षेत्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे और चुनौतियां हैं, जिन्हें संसद में नहीं उठाया जा सका है।

सुले के मुताबिक, महाराष्ट्र से जुड़े इन्हीं मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एनसीपी (एसपी) के सभी 8 सांसद सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री से मिलने वाले थे। उन्होंने यह भी कहा था कि प्रधानमंत्री से मुलाकात के लिए आधिकारिक तौर पर समय मांगा गया था।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale