दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र स्थित बनवार चौकी के महादेव घाट पुल के समीप आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक अनियंत्रित बोलेरो वाहन पुल से नीचे पलट गया, जिससे उसमें सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जबलपुर के भीटा फुलर गांव का एक ही परिवार बांदकपुर से जटाशंकर धाम के दर्शन कर लौट रहा था। बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि 6 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो बच्चों ने दमोह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अपनी आखिरी सांस ली।
हादसे में घायल हुए 5 अन्य लोगों को दमोह जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा वाहन की तेज गति और अनियंत्रण के कारण हुआ बताया जा रहा है।
