बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की से हुई बदसलूकी और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस की कड़ी कार्रवाई पर मोकामा से विधायक अनंत सिंह की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली मारे जाने (हाफ एनकाउंटर) की कार्रवाई को बिल्कुल जायज ठहराया है। अनंत सिंह ने कहा कि जो व्यक्ति इस तरह के घिनौने काम में शामिल होता है, उसे उसी दिन मार देना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ एनकाउंटर जैसी सख्त कार्रवाई ही होनी चाहिए।
जमुई कांड का मुख्य आरोपी नंदन यादव वारदात के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस से हुई मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए जमुई अस्पताल में भर्ती कराया। बिहार पुलिस के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) ने भी इस पुलिस मुठभेड़ की आधिकारिक पुष्टि की है। इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य आरोपी हरेराम यादव को भी गिरफ्तार किया है, जिसके पैर में चोट लगने और पैर टूटने की जानकारी मिली है। पुलिस दोनों आरोपियों से हिरासत में पूछताछ कर रही है।
इस एनकाउंटर से पहले जमुई पुलिस ने पीड़ित प्रेमी जोड़े से छेड़छाड़ के आरोप में तीन अन्य युवकों को गिरफ्तार किया था, जिनकी पहचान मिथिलेश, प्रमोद और गोलू के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की सघन जांच कर रही है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
नंदन यादव के घायल होने और पुलिस कार्रवाई के बाद जमुई की इस घटना को लेकर बिहार की राजनीति में भी गर्माहट आ गई है। जहां एक ओर विपक्ष सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है, वहीं अनंत सिंह जैसे जनप्रतिनिधियों ने अपराधियों के खिलाफ इस तरह के कड़े कदमों का खुलकर समर्थन किया है।
