मुंबई: मुंबई के बांद्रा इलाके में लिंकिंग रोड स्थित लिंक स्क्वायर बिल्डिंग में क्रोमा शोरूम में आज सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इसे लेवल 4 घोषित कर दिया गया।
दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग बेसमेंट में स्थित क्रोमा शोरूम तक ही सीमित थी, लेकिन धुंआ पूरे मॉल में फैल गया था।
अग्निशमन दल ने 12 मोटर पंपों की मदद से तीन छोटी होज लाइनों का उपयोग करके आग बुझाने का कार्य किया। इस दौरान, बीएमसी के वार्ड स्टाफ, पुलिस, अडानी इलेक्ट्रिक डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
