प्रधानमंत्री मोदी ने काशी विश्वनाथ में की षोडशोपचार पूजा, त्रिशूल लहराकर दिया खास संदेश

PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के बीच पीएम मोदी का यह काशी दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री ने मंदिर के गर्भगृह में करीब 30 मिनट तक पूजा-अर्चना की। इस दौरान पंच पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्हें विशेष पूजन कराया। मंदिर परिसर से सामने आई तस्वीरों में प्रधानमंत्री पूरी श्रद्धा के साथ बाबा विश्वनाथ की आराधना करते नजर आए।

प्रधानमंत्री के मंदिर पहुंचते ही पूरा परिसर वैदिक मंत्रों और शंखनाद से गूंज उठा। मुख्य प्रवेश द्वार पर 108 बटुकों ने शंखध्वनि के साथ उनका स्वागत किया। कई पुजारी पंक्तिबद्ध होकर डमरू वादन कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया और पुजारियों के स्वागत के लिए आभार जताया।

इसके बाद शुद्धि मंत्रों के साथ पूजन की प्रारंभिक प्रक्रिया संपन्न कराई गई। मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश से पहले पुरोहितों ने प्रधानमंत्री के हाथ धुलवाए और संकल्प मंत्रों के साथ उन्हें अनुष्ठान के लिए बैठाया। इसके बाद षोडशोपचार पद्धति से भगवान काशी विश्वनाथ का पूजन शुरू हुआ।

पूजा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी श्रद्धा के साथ हर धार्मिक विधान का पालन किया। उन्होंने भगवान विश्वनाथ का गंगाजल, हल्दी जल, अक्षत और दूध से अभिषेक किया। साथ ही मंदार माला अर्पित की। पंच पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के बीच उन्हें माला पहनाई और मस्तक पर त्रिपुंड तथा चंदन का तिलक लगाया। पूजा के समापन पर प्रधानमंत्री ने पंचदीप से आरती की और मंदिर परिसर में प्रदक्षिणा भी की।

पूजन के बाद प्रधानमंत्री जब मंदिर परिसर से बाहर निकले तो भाजपा नेताओं और मंदिर प्रशासन की ओर से उनका सम्मान किया गया। उन्हें त्रिशूल, डमरू और काशी विश्वनाथ मंदिर की प्रतिकृति भेंट की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री ने त्रिशूल हाथ में लेकर हवा में लहराया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से चर्चा में आ गए। उनके इस अंदाज को राजनीतिक और धार्मिक दोनों दृष्टियों से अलग-अलग संकेतों के तौर पर देखा जा रहा है।

काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शहर में करीब 14 किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया। रोड शो के दौरान सड़कों के दोनों ओर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। जगह-जगह फूलों की वर्षा की गई और भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत करते नजर आए। प्रधानमंत्री ने वाहन से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया, हालांकि सुरक्षा कारणों से वह कहीं रुके नहीं।

मंदिर दर्शन के बाद प्रधानमंत्री ने परिसर में मौजूद बच्चों से भी मुलाकात की और उनसे बातचीत की। वाराणसी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री का यह धार्मिक कार्यक्रम खासा चर्चा में रहा, खासतौर पर ऐसे समय में जब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान भी जारी था।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale