नई दिल्ली: देश को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) मिल गया है। भारत सरकार ने रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि को देश का नया सीडीएस नियुक्त किया है। वह मौजूदा सीडीएस जनरल अनिल चौहान की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे। जनरल अनिल चौहान 30 मई 2026 को अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं, जिसके बाद लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि तीनों सेनाओं की संयुक्त कमान संभालेंगे।
सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि पदभार ग्रहण करने की तारीख से अगले आदेश तक सैन्य मामलों के विभाग (Department of Military Affairs) में सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। इस पद पर रहते हुए वह थल सेना, नौसेना और वायुसेना के बीच समन्वय, संयुक्त रणनीति और रक्षा आधुनिकीकरण से जुड़े अहम फैसलों में भूमिका निभाएंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि वर्तमान में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने 1 सितंबर 2025 से यह जिम्मेदारी संभाली हुई है। इससे पहले वह 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक भारतीय सेना के वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ रहे। इसके अलावा मार्च 2023 से जून 2024 तक उन्होंने सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में भी सेवाएं दीं।
करीब चार दशक लंबे सैन्य करियर में उन्होंने कई संवेदनशील और रणनीतिक क्षेत्रों में कमान संभाली है। जम्मू-कश्मीर, असम और पश्चिमी सीमा जैसे अहम इलाकों में उनका व्यापक अनुभव रहा है। वह 8 गढ़वाल राइफल्स से जुड़े रहे हैं और भारतीय सेना की स्ट्राइक कोर की कमान भी संभाल चुके हैं।
उत्कृष्ट सैन्य सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM), सेना मेडल (SM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी नियुक्ति को तीनों सेनाओं के संयुक्त संचालन और राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
इसी बीच नौसेना में भी बड़ा बदलाव किया गया है। वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह 31 मई को कार्यभार संभालेंगे और उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक रहेगा।
वाइस एडमिरल स्वामीनाथन वर्तमान में मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान के कमांडर हैं। उन्हें 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में कमीशन मिला था। वह संचार और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के विशेषज्ञ माने जाते हैं।
उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी खड़कवासला, जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज श्रिवेनहैम (यूके), कॉलेज ऑफ नेवल वॉरफेयर करंजा और यूनाइटेड स्टेट्स नेवल वॉर कॉलेज, न्यूपोर्ट (यूएसए) से सैन्य शिक्षा प्राप्त की है। देश की सुरक्षा व्यवस्था में इन दोनों नियुक्तियों को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
