एलपीजी संकट पर केजरीवाल का मोदी सरकार पर हमला, कहा- गलत विदेश नीति से देश ऊर्जा संकट में

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश में गहराते एलपीजी संकट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की विदेश नीति के कारण भारत आज ऊर्जा संकट और आर्थिक दबाव का सामना कर रहा है।

Arvind Kejriwal
Arvind Kejriwal

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश में गहराते एलपीजी संकट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दबाव में काम कर रहे हैं और उनकी ‘गलत’ विदेश नीति ने भारत को ऊर्जा संकट और बेरोजगारी के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है। केजरीवाल ने देश के मौजूदा हालातों के लिए प्रधानमंत्री की कार्यशैली को जिम्मेदार ठहराते हुए उनसे तुरंत इस्तीफे की मांग की है।

केजरीवाल ने तकनीकी आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि भारत अपनी जरूरत की 60 फीसदी गैस का आयात करता है, जिसका 90 प्रतिशत हिस्सा ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ के समुद्री रास्ते से आता है। उन्होंने कहा कि युद्ध के चलते ईरान द्वारा इस रास्ते को बंद किए जाने से आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। आप नेता का आरोप है कि प्रधानमंत्री ने इजरायल और अमेरिका का पक्ष लेकर भारत के पुराने मित्र देश ईरान को दुश्मन बना लिया है, जिसके कारण ईरान अब अन्य देशों को तो वहां से गुजरने दे रहा है, लेकिन भारतीय जहाजों पर रोक लगा दी गई है।

देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर को लेकर केजरीवाल ने गंभीर चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि गैस की कमी के कारण उद्योग और सेवा क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। उनके अनुसार, मुंबई में 20 फीसदी होटल बंद हो चुके हैं और तमिलनाडु में हजारों व्यवसाय बंद होने की कगार पर हैं। गुजरात के मोरबी स्थित टाइल्स उद्योग और अन्य राज्यों के व्यापारिक केंद्रों पर भी संकट मंडरा रहा है। केजरीवाल ने अंदेशा जताया कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी, तो देश भर में एक करोड़ से अधिक लोग अपनी नौकरियों से हाथ धो सकते हैं।

प्रधानमंत्री पर सीधा हमला करते हुए केजरीवाल ने कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले महान देश को वर्तमान सरकार ने अमेरिका की एक ‘कॉलोनी’ की तरह बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति ट्रंप के निर्देशों का पालन कर रहे हैं, चाहे वह रूस से तेल न खरीदने का मामला हो या कपास पर आयात शुल्क हटाने का। केजरीवाल ने एक बड़ा दावा करते हुए यह भी कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के पास प्रधानमंत्री से जुड़ा कोई ऐसा राज है जिसके जरिए उन्हें ‘ब्लैकमेल’ किया जा रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर प्रधानमंत्री किसी दबाव में हैं, तो उन्हें देश को बर्बाद करने के बजाय पद छोड़ देना चाहिए।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale