चंडीगढ़: हरियाणा के जींद जिले में एक कारोबारी की हत्या के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस महासचिव और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हरियाणा में ‘महा जंगलराज’ का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की है।
सुरजेवाला ने अपनी पोस्ट में लिखा, “दुखद, भाजपा राज में ‘अपराध प्रदेश’ बन चुके हरियाणा में अपराधियों ने एक कारोबारी की हत्या की। जींद में ताबड़तोड़ फायरिंग कर खरकरामजी निवासी वीरेंद्र की हत्या कर दी।”
उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, “आज हरियाणा में न पुलिस का खौफ, ना ही प्रशासन का खौफ, ना ही सरकार का खौफ, ना ही राज्य के मुखिया का खौफ।”
दुखद,
— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala) June 20, 2025
भाजपा राज में 'अपराध प्रदेश' बन चुके हरियाणा में अपराधियों ने एक कारोबारी की हत्या की।
जींद में ताबड़तोड़ फायरिंग कर खरकरामजी निवासी वीरेंद्र की हत्या कर दी।
हरियाणा में न पुलिस का खौफ़
ना ही प्रशासन का खौफ़,
ना ही सरकार का खौफ़
ना ही राज्य के मुखिया का ख़ौफ़।
सबसे… pic.twitter.com/uQLzNrwqvU
सुरजेवाला ने सीधे मुख्यमंत्री नायब सैनी पर निशाना साधा, जिनके पास गृह विभाग भी है। उन्होंने कहा, “सबसे असफल, नाकाम, फेल्ड गृहमंत्री का तमगा लेकर मुख्यमंत्री श्रीमान नायब सैनी जी यदि आप अभी भी निश्चिंत हैं, तो फिर प्रदेश की जनता भगवान भरोसे ही है!”
उन्होंने जींद में हुई घटना को “जंगलराज के भयावह दृश्य” बताते हुए आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ हैं, राज्य में अराजकता और खौफ का दौर कायम है, और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सुरजेवाला ने अपनी बात को और तीखा करते हुए कहा, “हालात जंगलराज से भी बदतर हो चुके हैं। भाजपा सरकार के राज में हरियाणा में अब जंगलराज नहीं बल्कि महा जंगल राज है।”
